18 साल की गर्भवती बेटी को पिता ने चंबल में डुबोकर मारने का आरोप, वीडियो बनवाया, शव की तलाश जारी

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली से अपनी 18 वर्षीय बेटी को आगरा लाकर पिता ने चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान वीडियो भी बनवाया गया। मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है और युवती के शव की तलाश के लिए चंबल नदी में सर्च अभियान जारी है।
बताया गया कि बासौनी क्षेत्र के लखनपुरा गांव निवासी लखपत सिंह पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप है। वह परिवार के साथ दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहता है। आरोप है कि 29 जुलाई की सुबह वह बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा लेकर आया और चंबल नदी में डुबो दिया। इसके बाद दिल्ली लौटकर उसी ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।
जांच में पिता पर गहराया शक
पुलिस जांच आगे बढ़ने पर संदेह पिता पर केंद्रित हो गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मंगलवार को पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर आगरा पहुंची, जहां एक रिश्तेदार की मौजूदगी में घटनास्थल की निशानदेही कराई गई। बीहड़ क्षेत्र से सटे चंबल नदी किनारे शव की तलाश की जा रही है।
चंबल नदी में चल रहा सर्च ऑपरेशन
शव की बरामदगी के लिए दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। पीएसी के गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। चंबल में जलस्तर अधिक होने के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
पुलिस ने क्या कहा
पूर्वी आगरा के डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि यह मामला दिल्ली का है और दिल्ली पुलिस हत्या के आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर आगरा आई है। स्थानीय पुलिस शव की तलाश और जांच में पूरा सहयोग कर रही है। वहीं, दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा कि शव की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
प्रेम संबंध और गर्भावस्था की भी जांच
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, युवती का एक युवक से प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है और उसके गर्भवती होने की भी चर्चा है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 31 जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी थाने में दर्ज गुमशुदगी के मामले को बाद में हत्या के मुकदमे में परिवर्तित किया गया।



