उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

पश्चिम से पूरब तक आसमान से बरस रही आग, जानिए आज मौसम का अनुमान

आने वाले सात दिन तक भीषण लू और गर्मी की चेतावनी।

UP Weather News : यूपी में पश्चिम से लेकर पूरब तक आसमान से आग बरस रही है। जेठ के महीने में सूरज अपने पूरे तेवर में है। आज मौसम का अनुमान है कि पश्चिम यूपी के कई जिलों में तापमान 45 के पार पहुंचेगा। मेरठ सहित पूरे पश्चिम यूपी में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। भीषण गर्मी और हीटवेव से इस सप्ताह राहत के आसार नहीं है। इस समय पूरा उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और तेज लू की चपेट में है। पश्चिम से पूरब तक सूरज आग उगल रहा है। मौसम विभाग ने आज 21 मई से अगले छह दिन के लिए पूरे प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
गर्म हवाओं का कहर, रातें भी बेचैन
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर सूरज देव के अनुसार इन दिनों दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। शहर में साफ आसमान और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही धूलभरी गर्म हवाएं गर्म थपेड़ों की तरह लग रही हैं। बुधवार को मेरठ और आसपास के जिलों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की चेतावनी है कि आने वाले दिनों में ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति करीब छह दिन रहेगी। यानी रात में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। प्रदेश के बुंदेलखंड में गर्मी से हालात सबसे अधिक गंभीर हैं। बांदा में भीषण गर्मी पड़ रही है। बांदा का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। बांदा के अलावा झांसी, हमीरपुर, महोबा और जालौन में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है।
पश्चिमी और मध्य यूपी में लू का प्रकोप
मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, शामली, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा समेत पश्चिमी और मध्य यूपी के कई जिलों में 10 बजे के बाद सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। गर्म हवा और तेज धूप के चलते लोग जरूरी काम पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
अगले 7 दिन तक हीटवेव की चेतावनी
IMD की चेतावनी है कि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगामी 28 मई तक गंभीर हीटवेव की स्थिति बन रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून केरल में समय से पहुंच सकता है। लेकिन उत्तर प्रदेश में इसकी सक्रियता जून के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक ही संभव है। तब तक लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button