मनोरंजन

फिल्म के प्रमोशन के लिए सितारों ने की अजीबो-गरीब हरकत, आखिरी वाले ने तो हद पार कर दी

मुंबई। आज के दौर में सिर्फ फिल्म बना लेना ही बड़ी बात नहीं है, बल्कि उसे देखने के लिए दर्शकों को पर्दे तक खींच के ले आना बड़ा टास्क है। आज के दौर में किसी फिल्म को लोगों तक पहुंचाना और उसका जोर-शोर से प्रमोशन करना एक जरुरी हिस्सा बन चुका है। काफी समय से बॉलीवुड में किसी भी फिल्म के रिलीज होने से पहले उसका जोर-शोर से प्रमोशन किया जाता रहा है। कई दफे तो अभिनेता और अभिनेत्री प्रमोशन के लिए ऐसे हथकंडे अपना लेते हैं कि लोग हैरान रह जाते हैं।

अभिनेता वरुण धवन और कियारा आडवाणी अपनी आने वाली फिल्म जुग-जुग जियो का जमकर प्रमोशन कर रहे हैं। हाल ही में दोनों को एक होटल में कपल की शादी के प्री वेडिंग फंक्शन में अपनी फिल्म के गाने नच पंजाबन पर डांस करते हुए देखा गया। ये भी फिल्म के प्रमोशन का एक तरीका है। तो इस रिपोर्ट में हम आपको बताने जा रहे हैं कि वरुण और कियारा से पहले फिल्म प्रमोशन के लिए सितारे किस हद तक जा चुके हैं।

आलिया भट्ट : फैंस के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री आलिया भट्ट ने फिल्म टू स्टेट्स की रिलीज से पहले अपनी सगाई की घोषणा कर दी थी। अभिनेत्री की इस बात के कई फैंस का दिल टूट गया था। बाद में जब पता चला कि ये सिर्फ एक प्रमोशनल स्टंट है तब लोगों ने राहत की सांस ली।

शाहरुख खान : बॉलीवुड किंग शाहरुख खान ने अपनी फिल्म जब हैरी मेट सेजल के लिए प्रमोशन का अनोखा तरीका चुना था। उन्होंने अहमदाबाद में रहने वाली सेजल नाम की कई लड़कियों से मुलाकात की थी। इस दौरान उनसे करीब 7000 सेजल नाम की लड़कियां मिलने भी आई थीं।

रणवीर सिंह : रणवीर सिंह का हर काम अतरंगी ही होता है, तो प्रमोशन कैसे न खास होता। कुछ समय पहले जब अभिनेता की फिल्म सिंबा रिलीज हुई थी तो वह दर्शकों का रिएक्शन देखने के लिए सिनेमाघर जा पहुंचे थे। यहां तक कि उन्होंने सिनेमाघर की छत पर चढ़कर डांस भी किया।

विद्या बालन : विद्या बालन की फिल्म कहानी काफी हिट हुई थी। इस फिल्म के प्रमोशन के लिए विद्या का तरीका काफी फनी था। दरअसल वह फिल्म में एक प्रेग्नेंट महिला के रोल में हैं, जो इसी हालत में अपने पति को खोजने निकलती है। फिल्म के प्रमोशन के लिए अभिनेत्री हर जगह नकली बेबी बंप के साथ नजर आई थीं। हालांकि उनका ये फनी तरीका काम कर गया और फिल्म हिट हुई थी।

आमिर खान : अभिनेता आमिर खान की फिल्म गजनी से उनका हेयरस्टाइल काफी चलन में आया था। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता नाई बनकर लोगों के बाल काट रहे थे। फिल्म में अपने लुक से प्रेरित होकर उन्होंने कई फैंस को गजनी लुक भी दिया था।

Related Articles

Back to top button