टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर में आज से एक सप्ताह तक बारिश की अनुमान

श्रीनगर: केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आज रविवार से लगभग एक सप्ताह तक आमतौर पर बादल छाए रहने से लेकर बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक फैजान आरिफ के अनुसार जम्मू-कश्मीर के दो पश्चिमी विक्षोभों से प्रभावित होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पहला विक्षोभ 26 फरवरी को होने की उम्मीद है, जिससे जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात का अनुमान है। उन्होंने कहा कि दूसरा विक्षोभ 27 फरवरी की शाम से 03 मार्च की सुबह तक होने का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि इससे मैदानी इलाकों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है, साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं भी लगातार बारिश का अनुमान नहीं है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी हिमपात संभव है। इस बीच रात के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा। कश्मीर में पहलगाम, गुलमर्ग और कोनिबाल मौसम केंद्रों को छोड़कर बीती रात तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से करीब 8.1 डिग्री अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम रिसॉर्ट में बीती रात तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। रिसॉर्ट में शुक्रवार को दिन का तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में रात का तापमान शून्य से 01 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 05 डिग्री अधिक है। शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंपोर पुलवामा के कोनिबल में रात का तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग के अनुसार जम्मू में बीती रात न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 8 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 11.6 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 3.7 डिग्री सेल्सियस तथा लद्दाख के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 09 डिग्री सेल्सियस और 12.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button