उत्तर प्रदेशराज्य

करवाचौथ पर पत्नी को गिफ्ट देने का किया था वादा, बाजार से लौटी तो फंदे पर लटका मिला पति

कानपुर: काकादेव इलाके में एक युवक की आत्महत्या से परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि युवक पड़ोस में रहने वाली एक महिला की कथित धमकियों और छेड़छाड़ के मुकदमे में दोबारा फंसाए जाने के डर से परेशान था। घटना से कुछ घंटे पहले ही उसने करवाचौथ पर अपनी पत्नी को अच्छा-सा उपहार देने का वादा किया था। बुधवार देर रात पत्नी पूजा का सामान खरीदकर घर लौटी तो पति का शव फंदे पर लटका मिला।

काकादेव के लोहारन भट्ठा इलाके में रहने वाला 26 वर्षीय तरुण कश्यप उर्फ अंशु मजदूरी करता था। परिवार में उसकी पत्नी उर्मिला कश्यप और दो बेटे हैं। तरुण का बड़ा भाई नितिन भी है। परिजनों के मुताबिक, तरुण अपने घर में प्लास्टर का काम करा रहा था। बुधवार शाम उसकी पत्नी उर्मिला करवाचौथ की पूजा का सामान खरीदने बाजार गई थी।

पड़ोसियों पर धमकी देने और परेशान करने का आरोप

मृतक के बड़े भाई नितिन ने आरोप लगाया कि उर्मिला के बाजार जाने के दौरान इलाके में रहने वाली एक महिला अपनी बहन और कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि इन लोगों ने तरुण के साथ गाली-गलौज की और उसे दोबारा छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

नितिन के मुताबिक, इससे पहले भी उक्त महिला ने अपनी बेटी के माध्यम से तरुण के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में तरुण को जेल जाना पड़ा था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद से ही उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। दोबारा मुकदमे में फंसाए जाने की धमकियों के चलते वह तनाव में रहने लगा था।

करवाचौथ की खरीदारी कर लौटी पत्नी तो सामने आया खौफनाक मंजर

परिजनों ने बताया कि उर्मिला करवाचौथ की खरीदारी करने के बाद देर रात घर लौटी। कमरे में पहुंचते ही उसने पति को फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाने लगी। इसके बाद पड़ोसियों ने यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही काकादेव पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पति की मौत से उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार पति को याद कर बिलखती रही। उसने बताया कि तरुण ने करवाचौथ पर उसे अच्छा-सा उपहार देने का वादा किया था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि इस त्योहार पर उसका पति हमेशा के लिए उससे बिछड़ जाएगा।

पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट, तहरीर का इंतजार

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि युवक की मौत के मामले में परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button