छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का कहर! पूरे राज्य में हाई अलर्ट, बीजापुर में 2 दिन स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए जारी रेड और येलो अलर्ट के मद्देनजर सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के निर्देश
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी जिला प्रशासन को संभावित बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
राहत शिविरों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, प्राथमिक उपचार, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों जैसे संवेदनशील वर्गों की विशेष देखभाल करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ समेत सभी विभाग अलर्ट पर
सरकार ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नावों, राहत सामग्री, बचाव उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिला और राज्य स्तर पर 24 घंटे निगरानी रखने, जलाशयों के जलस्तर, नदी-नालों की स्थिति और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की सलाह का पालन करने, जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।
बीजापुर में दो दिन स्कूल और आंगनबाड़ी बंद
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए बीजापुर जिला प्रशासन ने 31 जुलाई और 1 अगस्त को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने में कठिनाई हो रही है। जिले के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई सड़कें तथा पुल-पुलियों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा विशेष सावधानी
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने भी लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का आग्रह किया था। प्रशासन के अनुसार इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



