
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह बलौदाबाजार जिले में रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर एक दर्दनाक दुर्घटना हो गई। दरचुरा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में हुआ है।
सुबह 5:30 बजे पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल ट्रैवल्स की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस का पंजीकरण नंबर सीजी 04 एनएम 0859 बताया गया है। दरचुरा गांव से पहले स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर एक खराब ट्रक खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे। अचानक हुई टक्कर के कारण यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
गैस कटर से काटना पड़ा बस का हिस्सा, अंदर फंसे थे यात्री
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद करने लगे। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिमगा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। टक्कर के कारण बस का ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए थे।
घायलों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। बस की चादर काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है।
अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस, नींद में थे ज्यादातर यात्री
बताया जा रहा है कि रॉयल ट्रैवल्स की बस सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। दरचुरा के पास सड़क पर खड़े ट्रक से बस की टक्कर होते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के बाद बस के भीतर यात्रियों का सामान बिखरा पड़ा था और कई लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे। पुलिस और बचाव दल ने सभी यात्रियों को बाहर निकालने के लिए तत्काल कार्रवाई की। घायलों को सिमगा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



