उत्तराखंड

बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर हाईटेंशन लाइन से टकराया, हवा में मचा हड़कंप; महिला पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सभी यात्री सुरक्षित

टिहरी (उत्तराखंड): उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में बुधवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब बद्रीनाथ से यात्रियों को लेकर लौट रहा एक हेलीकॉप्टर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। अचानक हुए इस हादसे से हेलीकॉप्टर हवा में असंतुलित हो गया और उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का यह हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी की ओर जा रहा था। इसी दौरान वीआईपी मूवमेंट के चलते रूट में बदलाव किया गया और हेलीकॉप्टर को देहरादून की ओर डायवर्ट करने के निर्देश दिए गए। इसी नए मार्ग पर चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर से गुजरते समय हेलीकॉप्टर का पिछला रोटर हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।

तार फंसते ही हवा में बेकाबू हुआ हेलीकॉप्टर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बिजली का तार रोटर में फंसा, हेलीकॉप्टर अचानक झटके खाने लगा और नियंत्रण खोने की स्थिति बन गई। कुछ ही पलों में यह तेजी से नीचे की ओर झुकने लगा, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिला पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

इस गंभीर स्थिति में महिला पायलट ने अद्भुत साहस और धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल नियंत्रण बनाए रखते हुए हेलीकॉप्टर को स्थिर करने की कोशिश की और स्थिति बिगड़ने से बचाई। बताया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन का तार हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से में फंसा हुआ काफी दूरी तक घिसटता रहा, जिससे उसका पिछला भाग क्षतिग्रस्त भी हो गया।

इसके बावजूद पायलट ने समझदारी दिखाते हुए सुरक्षित स्थान की पहचान की और सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खुले खेतों में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग सफलतापूर्वक करा दी।

सभी यात्री सुरक्षित, प्रशासन ने शुरू की जांच

इस घटना में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद यात्रियों ने महिला पायलट की जमकर सराहना की और उन्हें ‘जिंदगी बचाने वाली फरिश्ता’ बताया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button