टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के लिए रखा 150 सीटों का लक्ष्य

बेंगलुरू: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) ने कर्नाटक में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों (Karnataka Assembly Election 2023) के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के समक्ष 150 सीटों का लक्ष्य रखा है। शाह ने शुक्रवार को भाजपा की कर्नाटक इकाई की कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में चुनाव से पहले अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने और संगठन को मजबूत बनाने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “कोर कमेटी ने अगले चुनाव की तैयारी और संगठनात्मक कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने अगले चुनाव में 225 सदस्यीय विधानसभा में 150 सीटें जीतने के उद्देश्य से कार्य योजना को लागू करने के लिए हमारा मार्गदर्शन किया। उन्होंने हमें अगले चुनाव के मद्देनजर तैयारियों के लिए दिशानिर्देश दिये हैं।”

शाह और कतील के अलावा, कोर कमेटी की बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और जगदीश शेट्टार, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और सी टी रवि, मंत्री के एस ईश्वरप्पा, श्रीरामुलु, सीएन अश्वथ नारायण और गोविंद कारजोल आदि शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button