उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में सफाई कर्मचारियों का मानदेय बढ़ेगा, जल्द होगी बैठक: सीएम धामी

देहरादून ( दस्तक डेस्क ) : देहरादून में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव की शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि समाज के हर वर्ग को समान अवसर देना सरकार का लक्ष्य है और इसी क्रम में उत्तराखंड में विभिन्न विभागों में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों का मानदेय जल्द बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून नगर निगम में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के मौके पर आयोजित शोभायात्रा में शामिल होने के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द बैठक की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि रामायण ने दुनिया को भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन समानता, प्रेम और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके विचारों और कर्मों से होती है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, मुफ्त कोचिंग और छात्रावास जैसी सुविधाएं दे रही है। आवासहीन अनुसूचित वर्ग के परिवारों को घर बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, अंतरजातीय विवाह पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और अनुसूचित जाति-जनजाति परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।

Related Articles

Back to top button