अपराधझारखण्ड

झारखंड में खौफनाक वारदात: गर्भवती भाभी और 8 साल की भतीजी को कुल्हाड़ी से काट डाला, भाई पर भी किया जानलेवा हमला

पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंझारी थाना क्षेत्र के मारिया साईं टोला में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्भवती भाभी और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपने बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

घर में घुसकर मां-बेटी पर बरपाया कहर

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नानिका बिरुवा और उनकी आठ वर्षीय बेटी शर्मीला बिरुवा के रूप में हुई है। बताया गया है कि घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरुवा खेत में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पारिवारिक विवाद के बाद भड़का गुस्सा, नशे में होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में हत्या का आरोप मृतका के देवर रमाय बिरुवा पर लगा है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार आरोपी घटना के समय नशे की हालत में हो सकता है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिवार के भीतर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी गर्भवती भाभी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची आठ वर्षीय शर्मीला भी उसकी हिंसा का शिकार बन गई।

बेटी ने पिता को दी सूचना, भाई पर भी किया हमला

घटना की जानकारी मृतका की दूसरी बेटी तुलसी बिरुवा ने खेत में जाकर अपने पिता दखल सिंह बिरुवा को दी। सूचना मिलते ही जब दखल सिंह घर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। हालांकि उन्होंने मौके पर मौजूद एक पत्थर उठाकर अपना बचाव किया। इसके बाद आरोपी मौके से जंगल की ओर भाग निकला।

बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीण को भी नहीं बख्शा

वारदात के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कांडे बिरुवा पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जंगल में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा

घटना की सूचना गांव के मानकी द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने जंगल में सघन छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को इस दोहरे हत्याकांड की प्रमुख वजह माना जा रहा है। साथ ही आरोपी के नशे में होने के पहलू की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button