उत्तर प्रदेशराज्य

उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी; 6 यात्रियों की मौत, 21 घायल

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में निभा खेड़ा गांव के पास दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण वह बस से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार में चल रही बस अचानक डिवाइडर से टकराई और पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि बस पलटने के बाद रेलिंग पर लटक गई। इस दौरान कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं घायलों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

चालक को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Related Articles

Back to top button