खरगोन में क्रूड ऑयल के खाली टैंकर में भीषण ब्लास्ट, 500 मीटर तक उड़े टुकड़े; चरवाहे की मौत, 2 की हालत गंभीर

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कसरावद क्षेत्र के मगरखेड़ी गांव के पास क्रूड ऑयल के खाली टैंकर में वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टैंकर के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे। हादसे में दूर खड़े एक चरवाहे की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
बताया गया कि हादसा मगरखेड़ी गांव स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में हुआ। पुलिस के अनुसार, मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे किनारे खड़े टैंकर के पिछले हिस्से की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरे गांव में दहशत फैल गई और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
धातु के टुकड़े लगने से चरवाहे की गई जान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट के दौरान उड़कर आए टैंकर के धातु के टुकड़े बकरियां चरा रहे भीम रोकड़े (45) को जा लगे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल ठीकरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में टैंकर चालक और वेल्डिंग मिस्त्री भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ड्राइवर और वेल्डिंग मिस्त्री की हालत नाजुक
विस्फोट में घायल टैंकर चालक विनोद (45), जो उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के भैंसाचौबे गांव का निवासी बताया गया है, और वेल्डिंग मिस्त्री नितेश (35), जो बिहार के रहने वाले हैं, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेजा गया है।
धमाके से कार और मकानों के शीशे भी टूटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेल्डिंग का काम जारी था, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के असर से पास में खड़ी एक कार और आसपास के कुछ मकानों के कांच भी टूट गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सबसे पहले राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आई यह वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्रूड ऑयल खाली करने के बाद टैंकर में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। वेल्डिंग के दौरान बढ़े तापमान से टैंकर के भीतर गैस बनने की आशंका है, जिसके चलते यह विस्फोट हुआ। जानकारी के अनुसार, संबंधित टैंकर आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के गढ़ी मोगा से क्रूड ऑयल लेकर झाबुआ जिले के मेघनगर पहुंचा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



