राज्यराष्ट्रीय

हाईड्रोजन ट्रेन, चंद्रयान-3, G-20… 2023 में बढ़ेगा दमखम, दुनिया में छा जाएगा भारत

नई दिल्ली: भारत के लिए नया साल 2023 उम्मीदों का वर्ष है। विकास और तरक्की के नए मुकाम हासिल करने की उम्मीद है। हाईड्रोजन ट्रेन, चंद्रयान 3 जैसी परियोजनाए हैं तो दुनिया की चुनौतियों से निबटने के लिए जी-20 जैसे बड़े आयोजनों की अध्यक्षता का मौका भी है। हालांकि, कोरोना की चुनौतियां इस साल भी हैं लेकिन इसके बावजूद देश इस साल कई नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

  1. हाईड्रोजन ट्रेन शुरू होगी
    देश में हाईड्रोजन गैस से संचालित पहली ट्रेन, वंदे मेट्रो ट्रेन अगले साल दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है। इन ट्रेनों से ध्वनि प्रदूषण कम होगा। इंजन से भाप और वाष्पीकृत पानी का ही उत्सर्जन होगा।
  2. चंद्रयान-3
    ​​चंद्रयान-3 अगस्त 2023 को लॉन्च होने की संभावना है। यह मिशन चंद्रयान-2 का फॉलोअप मिशन है। भारत सितंबर 2019 में चंद्रमा पर रोवर उतारने के अपने पहले प्रयास में विफल रहा था।
  3. जी-20 की अध्यक्षता
    भारत जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन ऐसे समय में होगा जब यूक्रेन युद्ध, धीमी अर्थव्यवस्था और उच्च मुद्रास्फीति जैसी चुनौतियां सामने हैं। यह भारत की वैश्विक छवि के लिए एक बड़ा क्षण होगा।
  4. तीनों सेनाओं को मिलेंगे ‘अग्निवीर’
    नए साल में तीनों सेना (थल, वायु और नौसेना) में अग्निवीर का पहला बैच तैनात हो जाएगा। थल सेना में पहले बैच का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है, जुलाई 2023 तक तैनाती शुरू होगी। वायु सेना ने 30 दिसंबर से प्रशिक्षण शुरू किया है। नौसेना में भी अग्निवीरों का प्रशिक्षण चल रहा है।
  5. सबसे लंबा सी-ब्रिज
    देश के सबसे लंबे समुद्री पुल मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। इससे मुंबई और नवी मुंबई के बीच की दूरी 30 मिनट में तय होगी, जिसमें अभी ड़ेढ घंटे का समय लगता है।
  6. महिला आईपीएल
    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मार्च 2023 में महिला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) आयोजित करने की घोषणा की है। इससे देश की महिला क्रिकेटरों को काफी फायदा पहुंचा सकता है। नई प्रतिभाएं सामने आ सकती हैं।
  7. चार साल का स्नातक
    स्नातक पाठ्यक्रम 4 साल का होगा। तीन साल पूरे होने के बाद जिन अभ्यर्थियों ने तीन वर्षीय यूजी कोर्स चुना है, उन्हें कार्यक्रम छोड़ने का विकल्प दिया जाएगा। यदि कोई छात्र पहले या दूसरे साल में ही कोर्स छोड़ना चाहता है, तो उसे यूजी सर्टिफिकेट या यूजी डिप्लोमा मिलेगा। चार साल का कोर्स पूरा करेंगे तो यूजीसी उन्हें संबंधित स्ट्रीम में ऑनर्स की डिग्री देगा।

चुनौतियां :

कोरोना का खतरा- कोरोना फिर चिंता का विषय बन गया है। हालांकि, भारत में अभी खतरा कम है लेकिन चीन में हालात बेहद खराब हैं। अमेरिका में नया वैरिएंट एक्सबीबी1.5 मिला है, जो 120 गुना ज्यादा तेजी से संक्रमण फैलाता है।

सबसे अधिक आबादी- भारत अगले साल सबसे बड़ी आबादी वाला देश बन जाएगा। मौजूदा समय में चीन की जनसंख्या 1.42 अरब, जबकि भारत की 1.41 अरब है।

Related Articles

Back to top button