अन्तर्राष्ट्रीय

IBM ने कारोबार पर लगाई रोक, यूक्रेन ने मेजर जनरल विटाली गेरासिमोव को मार गिराया

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आज 13वां दिन है। बेलारूस में दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की वार्ता भी विफल हो गई है। यूक्रेन के वार्ता दल के एक सदस्य पोडोलीक ने कहा, “अभी तक ऐसा कोई नतीजा नहीं निकल सका है जिससे कि हालात में कुछ खास सुधार हो सके।” दोनों देश संघर्ष विराम के लिए तैयार नहीं हैं। इस बीच यूक्रेन की ओर से बड़ा दावा किया गया है।

यूक्रेनी सेना के खुफिया विभाग की ओर से दावा किया गया है कि, दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में उन्होंने रूसी जनरल को मार गिराया है। खास बात यह है कि, यह कोई सेना का आम जनरल नहीं है, बल्कि यह पुतिन की सेना का तुरुप का इक्का है। हालांकि,अभी तक रूस की ओर से इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की गई है। यूक्रेन की ओर से कहा गया है कि, खारकीव में मारे गए रूसी मेजर जनरल की पहचान विटैली गेरामिसोव के रूप में हुई है। यह वही सैन्य अधिकारी है, जिसने क्रीमिया और चेचन की जंग में भी भाग लिया था। यहां तक कि, सीरिया के खिलाफ भी इस मेजर जनरल ने रूस की ओर से लड़ाई लड़ी थी।

यूक्रेन की जंग जीतने और कीव पर कब्जे के लिए अब रूस की ओर से सीरियाई लड़ाके जंग में उतारे जा सकते हैं। पेंटागन की ओर से दावा किया गया है कि, रूस सीरियाई लड़ाकों को यूक्रेन भेजने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, कितने लड़ाके यूक्रेन में जाएंगे, इसका पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह तय है कि ऐसी एक टुकड़ी यूक्रेन में प्रवेश की तैयारी कर रही है। इन लड़ाकों की खास बात यह है कि, ये शहरी क्षेत्रों में जंग के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित होते हैं। उधर, यूक्रेन के खारकीव में एक परमाणु अनुसंधान केंद्र पर भी हमले की खबर है।

वहीं टेक कंपनी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मशीन निगम (आईबीएम) ने रूस में अपने सभी कारोबार को निलंबित कर दिया है। आईबीएम अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी निगम है।

Related Articles

Back to top button