
नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, 31 जुलाई से 4 अगस्त तक इन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर मानसूनी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
31 जुलाई से 4 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
आईएमडी के मुताबिक, 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब में 1 से 3 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है। इसके अलावा 31 जुलाई को पंजाब के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
कम दबाव का क्षेत्र बढ़ा रहा मानसून की सक्रियता
आईएमडी के अनुसार, पूर्वी विदर्भ और पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ते हुए मध्य विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर केंद्रित हो गया है। अगले 24 घंटों में इसके विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में भी 5 अगस्त तक व्यापक बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी राजस्थान में 1 से 5 अगस्त के बीच भारी वर्षा का पूर्वानुमान है, जबकि 31 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की आशंका जताई गई है।



