राज्य

महाराष्ट्र में जहरीली शराब ने ली 15 लोगों की जान, पुणे-पिंपरी चिंचवड़ में हड़कंप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से बड़ा हादसा हो गया। अलग-अलग इलाकों में जहरीली शराब का सेवन करने के बाद कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह जहरीली शराब योगेश वानखेडे नाम के व्यक्ति द्वारा तैयार की गई थी। आरोप है कि उसने इस शराब को पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के कई इलाकों में सप्लाई किया था। दापोडी, फुगेवाड़ी, हडपसर और काले पड़ल क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने इस शराब का सेवन किया था।

बताया जा रहा है कि शराब पीने के कुछ ही समय बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान 15 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य मरीजों का इलाज अभी भी अस्पतालों में जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी योगेश वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब तैयार करने में किन रसायनों का इस्तेमाल किया गया और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही जिन इलाकों में शराब बेची गई, वहां भी छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध शराब की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है ताकि प्रभावित लोगों का तुरंत इलाज किया जा सके।

Related Articles

Back to top button