मेरठ में किन्नर बनकर करते थे बसों में वसूली, असली किन्नरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
नौचंदी थाने पर भी असली किन्नरों ने जमकर हंगामा किया।
Meerut News: मेरठ के हापुड चुंगी में किन्नर वेश में बसों में वसूली करने वाले दो लोगों का असली किन्नरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस किसी तरह से दोनों युवकों को छुड़ाकर नौचंदी थाने ले आई। नौचंदी थाने पर भी असली किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। किन्नरों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किन्नर बताने वालों की जमकर धुनाई
मेरठ हापुड़ चुंगी पर कुछ किन्नरों को दो नकली किन्नरों को दबोच लिया। इस दौरान किन्नरों ने खुद को किन्नर बताने वालों को दबोचकर पिटाई शुरू कर दी। दोनों नकली किन्नरों ने भागने का प्रयास किया तो दोनों को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा। दोनों युवक किन्नरों से माफी मांगते रहे। लेकिन किन्नर उन्हें पीटते रहे।
पिटने वाले लोग किन्नर का वेश बनाकर लोगों से वसूली करते हैं
किन्नरों ने बताया कि पिटने वाले लोग किन्नर का वेश बनाकर लोगों से वसूली करते हैं। इससे उनकी बदनामी होती है। इसके बाद मौके पर एकत्र लोगों ने नकली किन्नरों को पीटा। मौके पर नौचंदी थाना पुलिस पहुंची और दोनों को थाने ले गई। किन्नर नौचंदी थाने भी पहुंच गए। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों नकली किन्नरों को जेल भेजने की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।



