मध्य प्रदेशराज्य

सतना में पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, 3 महीने बाद जमीन से मिला कंकाल, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र से तीन महीने पहले लापता हुए युवक विपिन कुमार यादव की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसकी पत्नी आंचल यादव ने अपने प्रेमी सुनील कुशवाहा के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस के अनुसार, शादी से पहले से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और इसी वजह से इस वारदात की साजिश रची गई।

घुमाने के बहाने ले जाकर की हत्या

पुलिस जांच के मुताबिक, पूर्व नियोजित योजना के तहत सुनील कुशवाहा अपने साथी संदीप बहरोलिया के साथ विपिन यादव को घुमाने के बहाने ले गया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को छिपाने के लिए पहले शव को एक कुएं में फेंक दिया गया। बाद में जब पुलिस की जांच तेज हुई तो आरोपियों ने शव को वहां से निकालकर जमीन में दफना दिया।

खुदाई में बरामद हुआ कंकाल

पुलिस ने कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कराई, जहां से मृतक का कंकाल बरामद किया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पत्नी आंचल यादव और उसके प्रेमी सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।

बीएनएस की गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

गुमशुदगी की जांच से खुला हत्या का राज

पुलिस के अनुसार, विपिन यादव 26 मार्च को लापता हो गया था। उसके पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की पत्नी टीकर की रहने वाली है और उसी गांव के एक व्यक्ति के साथ उसके अवैध संबंध थे। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के चलते महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूल किया पूरा घटनाक्रम

पुलिस की पूछताछ के दौरान महिला ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट से अनुमति लेकर दफनाए गए शव के उत्खनन की कार्रवाई कराई, जिसमें कंकाल बरामद हुआ। फिलहाल दोनों मुख्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button