उत्तराखंडटॉप न्यूज़राज्य

उत्तराखंड में बोले नड्डा, कांग्रेस एक-दूसरे को लड़ाकर पाती है सत्ता

रुद्रप्रयाग: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस वाले हमेशा गांव-गांव जाति-जाति का झगड़ा लगाकर, भाई-भाई के बीच झगड़ा लगाकर और समाज को बांटकर वोट लेते हैं। यही कांग्रेस का तरीका है। लेकिन हम न जाति पूछते हैं, न इलाका पूछते हैं, हम केवल पूछते हैं कि वह इंसान है, वह उत्तराखंडी है, उसका विकास करना हमारा काम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का केदारनाथ प्रेम बता पार्टी के पक्ष में मतदान करने अपील की। नड्डा आज उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट के अगस्त्यमुनि में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि देश के पूर्व कांग्रेसी रक्षा मंत्री एके एंटनी ने संसद में कहा था, ‘मैं कबूल करता हूं कि हम ध्यान नहीं दे पाए। चीन ने अपने स्थान पर अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर और अच्छी सड़कें बना ली हैं, लेकिन हम नहीं बना पाए।’ अब आप ही बताइए ये लोग देश को कहां ले जा रहे थे। यहां चार धाम की सड़क बनकर तैयार हो रही है। ये सड़क या हाईवे नहीं है, ये विकास की गंगा है। 900 किमी लंबी इस सड़क पर 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। इससे यहां विकास होगा।

उन्होंने आगे कहा कि केदारनाथ के विकास के लिए पहले चरण में 260 करोड़ और दूसरे चरण में 220 करोड़ रुपये दिए गए हैं। यहां विकास का एक नया आयाम लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री को इस क्षेत्र से बहुत गहरा लगाव है। वे अपने आपको यहां से जोड़कर रखते हैं। उन्होंने कहा, ‘हम गांव, गरीब, पिछड़ा, दलित, शोषित और समाज के अंतिम पायदान पर छूट गए लोगों को मुख्यधारा में लाने का काम करते हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इशारों में भितरघात करने की संभावना को भी खत्म करने का प्रयास किया। इस क्षेत्र से भाजपा के 11 नेताओं ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी। जिसमें पूर्व विधायक शैलारानी रावत, आशा नौटियाल, अशोक खत्री, चण्डी प्रसाद भट्ट जैसे सशक्त दावेदार थे, लेकिन बाजी शैलारानी रावत ने मार ली। इससे कई नेता नाराज होकर चुनाव प्रचार से दूरी बना रहे थे। लेकिन अब सब एक जुट हो गए हैं। नड्डा ने इशारों-इशारों सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं का ध्यान रखने की बात कही है। पूर्व विधायक आशा नौटियाल को सरकार बनने पर बड़ा दायित्व मिलने का इशारा भी किया है।

शैलारानी रावत ने इस चुनाव को अपना अन्तिम चुनाव घोषित कर सहानुभूति का कार्ड भी खेला। साथ ही अन्य दावेदारों के लिए भी रास्ता खोल दिया। इससे लगता है, अब भाजपा का अन्दरूनी घमासान खत्म होगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, चण्डी भट्ट, अशोक खत्री, वाचस्पति सेमवाल, पंकज भट्ट, दिनेश बागवाड़ी, श्रीनिवास पोस्ती, बीना बिष्ट, शकुन्तला जगवाण, सुमन जमलोकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button