टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

भारत जल्द बनेगा मेडिकल टूरिज्म का ग्लोबल हब, देश के बुनियादी ढांचे में हो रहा निवेश: मनसुख मंडाविया

अहमदनगर : केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने अहमदनगर में एक कार्यक्रम में कई स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। परियोजनाओं में अहमदनगर में तीन प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल केंद्र शामिल हैं जिनका वर्चुअली उद्घाटन किया गया था। इनमें डा. विखे पाटिल कैंसर केंद्र और डा. विखे पाटिल परमाणु चिकित्सा केंद्र शामिल है।

इस दौरान मांडविया ने कहा कि, स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे में निवेश के जरिए भारत स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम में बोलते हुए, डा. मनसुख मंडाविया ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। सरकार ने स्वास्थ्य को विकास से जोड़ा है, क्योंकि केवल एक स्वस्थ नागरिक ही राष्ट्रीय विकास में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि, कल्याण और उपचार पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। हमें सबसे पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारे लोग बीमार न पड़ें। यही कारण है कि हमारी सरकार स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

देश में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर मंत्री मंडाविया ने कहा कि सरकार न केवल अधिक चिकित्सा सुविधाओं का निर्माण कर रही है बल्कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या और एमबीबीएस सीटों की संख्या भी बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, जब तक युवा मेडिकल कॉलेजों से स्नातक होंगे, तब तक देश एक मेडिकल टूरिज्म हब में बदल चुका होगा। यहां दुनिया भर के मरीजों को इलाज मुहैया कराएगा। वहीं, देश की रिसर्च नीति पर बोलते हुए डा. मंडाविया ने कहा कि दुनिया भर में हर 10 वैज्ञानिकों और शोध विद्वानों में से लगभग 3 भारतीय हैं। सरकार की शोध नीति प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करती है और उनका समर्थन करती है। भारत का लक्ष्य नवाचार और अनुसंधान में अग्रणी बनना है।

Related Articles

Back to top button