राष्ट्रीय

भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस निशंक और आईएनएस अक्षय हुए सेवामुक्त

हाल ही में भारतीय नौसेना के जहाजों निशंक और अक्षय को उनके द्वारा 32 वर्षों की शानदार सेवा प्रदान करने के बाद सेवामुक्त कर दिया गया है। आईएनएस निशंक को 12 सितंबर, 1989 को सेवा में शामिल किया गया था, जबकि आईएनएस अक्षय को एक वर्ष बाद 10 दिसंबर, 1990 को पोटी, जॉर्जिया में सेवा में रखा गया था। भारतीय सेना के इन दोनों जहाजों को सेवामुक्त करने के लिए एक समारोह का आयोजन नेवल डॉकयार्ड, मुंबई में किया गया, जिसमें सूर्यास्त के समय दोनों जहाजों से अंतिम बार राष्ट्रीय ध्वज, नौसैना का झंडा और डिकमीशनिंग पेनेंट को उतारा गया।

सेवामुक्त होने के पहले आईएनएस निशंक 22 मिसाइल वेसल स्क्वाड्रन और आईएनएस अक्षय 23 पेट्रोल वेसल स्क्वाड्रन का हिस्सा थे, जो फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग, महाराष्ट्र नौसेना क्षेत्र के परिचालन नियंत्रण में आते हैं। ये जहाज 32 से ज्यादा वर्षों तक नौसेना की सेवा में सक्रिय रूप से शामिल रहे और अपनी शानदार सेवा के दौरान कई नौसैनिक अभियानों में हिस्सा लिया, जिसमें कारगिल युद्ध के दौरान ओपी तलवार और 2001 में ओपी पराक्रम शामिल है।

Related Articles

Back to top button