दिल्लीराज्य

दिल्ली में मौसम बिगड़ने का अलर्ट, IndiGo ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी; उड़ानों पर पड़ सकता है असर

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश के अनुमान के बीच एयरलाइन कंपनी IndiGo ने यात्रियों के लिए अहम ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के चलते उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है, जिससे यात्रियों को देरी और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

IndiGo ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट और एयरलाइन की टीमें पहले से तैयार हैं, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। हालांकि मौसम की खराब स्थिति के कारण उड़ानों के आने-जाने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है।

यात्रियों को पहले ही दी गई सावधानी बरतने की सलाह

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर जांच लें। इसके साथ ही यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह भी दी गई है।

कंपनी के मुताबिक, बारिश और संभावित जलभराव के चलते दिल्ली के कई इलाकों में सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, जिससे एयरपोर्ट पहुंचने में देरी हो सकती है।

IndiGo ने अपने बयान में कहा, “दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। हमारी टीमें संचालन को सामान्य बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन मौसम की वजह से कुछ देरी संभव है।”

पहले भी खराब मौसम से प्रभावित हुई थीं उड़ानें

इससे पहले शुक्रवार को भी IndiGo ने मुंबई में भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए यात्रियों के लिए इसी तरह की एडवाइजरी जारी की थी। एयरलाइन ने यात्रियों को ट्रैफिक अपडेट्स पर नजर रखने और समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी थी।

मई महीने में पूर्वी भारत में खराब मौसम के कारण IndiGo की कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं। कोलकाता से पटना जा रही एक फ्लाइट को खराब मौसम की वजह से लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा था, क्योंकि विमान पटना एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका था।

दिल्ली-NCR में मौसम बदलने के आसार

मौसम विभाग पहले ही दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना जता चुका है। ऐसे में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को मौसम से जुड़े अपडेट्स पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button