ईरान के सुप्रीम लीडर का अमेरिका पर बड़ा बयान, बोले- ‘जल्द अरब सागर से दुश्मन ताकतों का होगा सफाया’

तेहरान: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने सोमवार को बिना अमेरिका का नाम लिए दुश्मन ताकतों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही दुश्मन ताकतों को अरब सागर से बाहर कर दिया जाएगा। खामेनेई के मुताबिक, जो ताकतें ईरान पर हमला कर रही थीं, वे अब खुद लड़ाई जारी रखने के बजाय युद्ध खत्म करने की अपील कर रही हैं। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है।
खामेनेई ने यह बात ईरान-इराक युद्ध की बरसी और हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की बरसी के मौके पर जारी संदेश में कही। नसरल्लाह की 2024 में हत्या कर दी गई थी। अपने संदेश में खामेनेई ने ईरान की सैन्य क्षमता, क्षेत्रीय हालात और देश पर बढ़ते दबाव का जिक्र किया।
‘शुरुआत में ईरान लगभग खाली हाथ था’
मोजतबा खामेनेई ने कहा कि ‘सिस्टम ऑफ डोमिनेशन’ यानी दबदबा कायम करने वाली ताकतों के हमलों के शुरुआती दिनों में ईरान की स्थिति काफी कमजोर थी। उनके मुताबिक, उस समय देश को पिछली सरकार से कई तरह के खतरे विरासत में मिले थे और देश अपनी रक्षा के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं था।
उन्होंने दावा किया कि इसके बाद ईरान ने अपनी सैन्य क्षमताओं को तेजी से मजबूत किया। खामेनेई के अनुसार, अब हालात काफी बदल चुके हैं और हमलावर ताकतें ईरानी सेना के हमलों से बचने की कोशिश कर रही हैं।
‘हमलावर ताकतें युद्ध खत्म करने की गुहार लगा रही हैं’
खामेनेई ने अपने संदेश में दावा किया कि ईरान अब ऐसी स्थिति में पहुंच चुका है, जहां कई हमलावर ताकतें इस्लामिक रिपब्लिक के लड़ाकों के हमलों से बचने के लिए पनाह मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल उनके सहयोगी ही नहीं, बल्कि खुद हमलावर ताकतें भी युद्ध खत्म करने की अपील कर रही हैं।
उन्होंने इसे ईरान की सैन्य क्षमता में हुए बदलाव से जोड़ते हुए कहा कि देश ने मुश्किल हालात के बीच अपनी स्थिति मजबूत की है।
होर्मुज के मोर्चे पर भी किया बड़ा दावा
खामेनेई ने समुद्री मोर्चे का जिक्र करते हुए दावा किया कि ईरानी सेना ने दक्षिणी ईरान के समुद्री क्षेत्र से दुश्मन ताकतों को पीछे धकेल दिया है और उन्हें अरब सागर की ओर हटना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि होर्मुज की सुरक्षा में तैनात ईरानी लड़ाकों ने दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया है। उनके मुताबिक, ईरानी लड़ाकों और होर्मुज के रखवालों से नुकसान उठाने के बाद विरोधी ताकतें अरब सागर से आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं हैं।
खामेनेई ने चेतावनी देते हुए कहा कि वह समय भी तेजी से करीब आ रहा है जब अरब सागर से भी इन ताकतों की मौजूदगी खत्म हो जाएगी।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान ने जताया जोर
ईरान के सुप्रीम लीडर ने देश की आंतरिक एकता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग वर्गों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश की सुरक्षा और अपनी मांगों से जुड़े मुद्दों पर सभी एकजुट होकर खड़े हैं।
उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को खास तौर पर महत्वपूर्ण बताया। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद अहम माना जाता है। ऐसे में होर्मुज पर नियंत्रण और वहां दबाव बनाए रखना ईरान की रणनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल बताया जा रहा है।



