
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को जनाक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। एनडीए के आह्वान पर बुलाए गए जमशेदपुर बंद का शहरभर में व्यापक असर देखने को मिला। कई प्रमुख बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप बंद रहे, जबकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई। वहीं सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
शहर के प्रमुख बाजारों में दिखा बंद का असर
बंद के दौरान साकची, गोलमुरी, बर्मामाइंस, टेल्को, टिनप्लेट, सिदगोड़ा और बारीडीह समेत कई इलाकों में दुकानें बंद रहीं। बंद समर्थक विभिन्न बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों से सहयोग की अपील करते नजर आए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए गए।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि शहर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
ठप रही परिवहन व्यवस्था, यात्रियों को हुई परेशानी
बंद का असर शहर की परिवहन व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। जमशेदपुर की लाइफलाइन मानी जाने वाली मिनी बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। सड़कों पर भी बेहद कम संख्या में ऑटो दिखाई दिए, जिससे यात्रियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कड़ी
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
आदित्यपुर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में भी बंद का असर देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के समर्थक सड़कों पर उतर आए और हिमांशु सिंह हत्याकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास प्रदर्शन के दौरान जब यातायात प्रभावित होने लगा तो पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद करीब 40 भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया।
मेयर समेत कई प्रमुख नेता हिरासत में
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास समेत कई स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था बाधित होने के कारण यह कार्रवाई की गई। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।



