टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

लालू यादव की सेहत में सुधार, ऑक्सीजन सपोर्ट हटाया, खिचड़ी खाई

पटना। दिल्ली एम्स (Delhi AIIMS) में भर्ती आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव (RJD chief Lalu Prasad Yadav) की हालत में सुधार हो रहा है। उनकी स्थिति पहले से बेहतर है। गुरुवार को उन्होंने खिचड़ी खाई और लोगों से बातें भी कीं। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें बोलने के लिए मना किया है। उनकी पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी (Rabri Devi) एवं भोला यादव (Bhola Yadav) उनके पास ही मौजूद हैं। लालू यादव का ऑक्सीजन सपोर्ट (oxygen support) हटा दिया गया है। हालांकि, सोते समय उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है। लालू के बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव गुरुवार को एम्स आते-जाते रहे। वे डॉक्टरों से लगातार संपर्क में हैं।

तेजस्वी यादव ने गुरुवार रात कहा कि लालू रिकवर कर रहे हैं। उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। उन्हें सघन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। लोग किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। बता दें कि गुरुवार को मीडिया में खबरें चली थीं कि लालू यादव का शरीर लॉक हो गया है और वे कोई भी मूवमेंट नहीं कर रहे हैं। हालांकि, तेज प्रताप यादव ने इसका खंडन किया और कहा कि ये बातें महज अफवाह हैं।

एम्स में भर्ती लालू यादव ने गुरुवार को राबड़ी देवी और उनके बेटे-बेटियों से हल्का मुस्कुराकर बात भी की। माना जा रहा है कि कुछ समय बाद उन्हें आईसीयू से निकालकर सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। बता दें कि लालू प्रसाद यादव पिछले दिनों राबड़ी आवास में सीढ़ीयों से गिर गए थे। उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल ले जाया गया। फिर बेहतर इलाज के लिए लालू को दिल्ली ले आए।

दिल्ली एम्स में किडनी रोग, ऑर्थो और कार्डियक विभाग के डॉक्टर मिलकर लालू का इलाज कर रहे हैं। हड्डियों में फ्रैक्चर आने के बाद उनकी किडनी और दिल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। हालांकि उन्हें पहले से किडनी, दिल, ब्लड प्रेशर और डायबीटिज संबंधी शिकायत है, इसलिए सभी डॉक्टर निगरानी रख रहे हैं।

पशुपति पारस मिलने पहुंचे, राजनाथ ने किया फोन
केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा अध्यक्ष पशुपति पारस गुरुवार को लालू प्रसाद से मिलने एम्स पहुंचे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी तेजस्वी यादव से फोन पर बात करके लालू की तबीयत के बारे में हालचाल जाना। दूसरी ओर, बिहार में जगह-जगह आरजेडी कार्यकर्ताओं ने लालू के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हवन, पूजा और इबादत का दौर चला। लालू यादव के समर्थक उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button