उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड: नैनीताल की ठंडी सड़क पर फिर भूस्खलन

नैनीताल: भूगर्भीय दृष्टिकोण से कमजोर नैनीताल में फिर ठंडी सड़क पर बड़ा भूस्खलन हुआ है। यहां पाषाण देवी मंदिर के पास पिछले जुलाई से ही भूस्खलन शुरू हो गया था, जबकि शुक्रवार के बाद शनिवार रात्रि भी यहां बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस बार मार्ग पर एक विशाल बोल्डर के साथ बड़ी मात्रा में मलबा आया है। इससे मार्ग पर सैर करने वाले लोग मलबे के ऊपर से चल कर गुजर रहे हैं और 1990 के दशक में डीएसबी परिसर के गेट के पास से हुए बड़े भूस्खलन की घटना को याद कर आशंकित भी होने लगे हैं, क्योंकि यह भूस्खलन उसी स्थान के पास हो रहा है।

आगे भी यहां भूस्खलन जारी रहने का भय बना हुआ है। ऐसे में कभी दिन में अनायास ही बड़ा भूस्खलन होने से किसी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। उधर, हल्द्वानी रोड पर सड़क को पहाड़ की ओर से चौड़ा करने के बाद वाहनों का आवागमन एक हद तक सुचारू हो गया है।

Related Articles

Back to top button