झारखण्डराज्य

धान की रोपाई के दौरान खेत में गिरी आकाशीय बिजली, दो महिलाओं की मौके पर गई जान, गांव में मातम

पश्चिम सिंहभूम: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। धान की रोपाई कर रही दो महिलाओं की बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

रोपाई के दौरान हुआ हादसा

यह हादसा शनिवार दोपहर जगन्नाथपुर प्रखंड के देवरसाई गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, दश्नावंती हेम्ब्रम और शुक्रामणि हेम्ब्रम खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस

बिजली गिरते ही दोनों महिलाएं बेहोश होकर खेत में गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत पड़ोसी राज्य ओडिशा के चंपुआ स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

Related Articles

Back to top button