फीचर्डराष्ट्रीय

LIVE कुंभ में बैरागी अखाड़ों का स्नान पूरा, श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से की जा रही पुष्प वर्षा

सूर्य 14 जनवरी की रात में 2.19 बजे मकर राशि में प्रवेश कर गए हैं। सूर्य देव के राशि परिवर्तन के साथ ही मंगलवार, 15 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व शुरू हो गया है। संगम किनारे जमे श्रद्धालुओं ने 12 बजे रात के बाद से ही स्नान शुरू कर दिया और इसी के साथ आस्था के महाकुंभ का आगाज हो गया। अमर उजाला आप तक शाही स्नान की पूरी जानकारी लगातार अपडेट करता रहेगा…

LIVE कुंभ में बैरागी अखाड़ों का स्नान पूरा, श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से की जा रही पुष्प वर्षालाइव अपडेट

12:14 PM, 15-JAN-2019

बैरागियों के अखाड़े, निर्मोही अनी, दिगंबर अनी और निवार्णी अनी के संतों ने अपने देवता और निशान के साथ संगम में डुबकी लगाई। बैरागी अखाड़े स्नान पूरा कर अपने शिविर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं के उपर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जा रही है।

11:09 AM, 15-JAN-2019

शैव अखाड़ों के बाद बैरागियों के अखाड़े, निर्मोही अनी, दिगंबर अनी और निवार्णी अनी अपने देवता और निशान के साथ संगम में स्नान को पहुंचे।

09:38 AM, 15-JAN-2019
मकर संक्रांति पर्व पर प्रयागराज कुंभ के पहले शाही स्नान में जूना अखाड़े के साथ किन्नर अखाड़े ने भी डुबकी लगाई। बता दें कि जूना और किन्नर अखाड़े का विलय चर्चा का विषय बनी हुई थी। तब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने विलय की बात से इंकार करते हुए कहा था कि, साथ चलेंगे, साथ रहेंगे लेकिन विलय नहीं करेंगे। आज जूना के साथ किन्नर अखाड़े ने डुबकी लगाकर एक साथ होने का प्रमाण दे दिया।
09:25 AM, 15-JAN-2019

अखाड़ों के संतों के शाही स्नान के बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार तड़के संगम में डुबकी लगाई…

09:06 AM, 15-JAN-2019
अब शाही स्नान के लिए सबसे बड़ा अखाड़ा श्री पंच दशनाम जूना के संत, आचार्य और महामंडलेश्वर रथों, बग्गियों और गाड़ियों में सवार होकर संगम तट पहुंच रहे हैं। जूना के साथ पहली बार किन्नर अखाड़ा के भी संत शाही स्नान में शामिल होने के लिए साथ चल रहे हैं। कुछ दिन पहले जूना और किन्नर अखाड़े के विलय को लेकर चर्चा तेज हुई थी। तब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने विलय की बात से इंकार करते हुए कहा था कि, साथ चलेंगे, साथ रहेंगे लेकिन विलय नहीं करेंगे।  वहीं अग्नि और अवाहान अखाड़े के संत भी संगम तट की ओर बढ़ रहे हैं।
07:55 AM, 15-JAN-2019

श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा और तोपोनिधि श्री पंचायती आनंद अखाड़े के संतों का स्नान पूरा हो चुका है। दोनों आखाड़ों के संत अपने शिविर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। वहीं अब शाही स्नान के लिए सबसे बड़ा अखाड़ा श्री पंच दशनाम जूना के साथ अग्नि अखाड़ा और अवाहान अखाड़े के संत संगम तट पर पहुंचने वाले हैं।

07:14 AM, 15-JAN-2019

श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा और तोपोनिधि श्री पंचायती आनंद अखाड़े के संत मकर संक्रांति पर पहले शाही स्नान की डुबकी लगाने के लिए अपने आचार्य, महामंडलेश्वर और ईष्ट देव के साथ संगम तट पर पहुंच चुके हैं।

06:47 AM, 15-JAN-2019

श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के बाद अटल अखाड़े के संतों ने शाही स्नान किया। दोनों अखाड़ों का स्नान पूरा हो चुका है। दोनों अखाड़ों के संत अपने शिविर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।

06:28 AM, 15-JAN-2019

मकर संक्रांति पर मंगलवार को पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी ने सबसे पहले डुबकी लगाई। परंपरा के मुताबिक सबसे पहले अखाड़े के भालादेव ने स्नान किया। उसके बाद नागा साधुओं ने फिर आचार्य महामंडलेश्वर और साधु-संतों ने स्नान किया।

06:16 AM, 15-JAN-2019

और तय समय के मुताबिक पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के संतों ने सबसे पहले संगम तट पर डुबकी लगाई…

06:09 AM, 15-JAN-2019

महानिर्वाणी अखाड़े के बाद श्री पंचायती अटल अखाड़े के संत, आचार्य और महामंडलेश्वर संगम तट पर शाही अंदाज में पहुंचे।

06:01 AM, 15-JAN-2019
शाही स्नान के लिए सबसे पहले संगम तट पर श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी का जुलूस पहुंच चुका है। अखाड़े के देव भगवान कपिल देव तथा नागा संन्यासियों ने अखाड़े की अगुवाई की।
05:45 AM, 15-JAN-2019
शाही स्नान के लिए संन्यासी के अखाड़े निकल चुके हैं। पहले स्नान के लिए महानिर्वाणी अखाड़े के संत, अचार्य और महामंडलेश्वर शाही अंदाज में रथों पर विराजमान होकर संगम तट की ओर बढ़ रहे हैं। इनके साथ चल रहा नागा साधुओं का कारवां लोगों की आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आज यानि मंगलवार को ही पहला शाही स्नान है। सभी तेरह अखाड़ों को तीन वर्गों में बांटा गया है। सन्यासी, बैरागी और उदासीन। सबसे पहले सन्यासी अखाड़े के संत शाही स्नान करेंगे, इसके बाद बैरागी और अंत में उदासीन के अंतर्गत आने वाले संत शाही स्नान करेंगे।

सन्यासी अखाड़ों के संन्यासियों के शाही स्नान की शुरुआत सुबह 6.15 बजे शुरू होगी। सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री पंचायती अटल अखाड़ा के संत स्नान के लिए अपने अखाड़े से 5.15 बजे प्रस्थान करेंगे। इन अखाड़ों के संन्यासियों को 6.15 बजे शाही घाट पहुंचना होगा। 40 मिनट के भीतर स्नान करके संन्यासियों को 6.55 बजे लौटना होगा। इसके बाद 7.55 बजे तक इन अखाड़ों के संतों,अचार्यों और महामंडलेश्वरों को अपने शिविर में पहुंचना है।

इसके बाद सुबह 7.05 बजे निरंजनी एवं आनंद अखाड़े के संन्यासी शाही घाट पर पहुंचेंगे। उन्हें भी 40 मिनट में स्नान करके 7.45 बजे लौटना होगा। तीसरे नंबर पर जूना, अग्नि और आवाहन अखाड़े के संत शाही स्नान करेंगे। इन्हें सुबह आठ बजे शाही घाट पर पहुंचना होगा और 40 मिनट में स्नान करके 8.40 बजे घाट प्रस्थान करना होगा।

इसके बाद बैरागी अखाड़ों के अंतर्गत आने वाले अखाडों के संत शाही स्नान करेंगे। इसमें अनी अखाड़ों के तीनों अखाड़ों में से सबसे पहले पंच निर्मोही अनी अखाड़ा 10.40 बजे घाट पर पहुंचेंगे। इन्हें आधे घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद दिगंबर अनी अखाड़ा के संत 11.20 बजे शाही स्नान को पहुंचेंगे। इन्हें 50 मिनट का समय दिया गया है। वहीं पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा को घाट पर 12.20 बजे पहुंचना है। इनके संतों के लिए भी आधे घंटे का ही समय दिया गया है।

अंत में उदासीन अखाड़े के संत शाही स्नान करेंगे, लेकिन बड़ी बात यह है कि उदासीन के संतों को स्नान के लिए सबसे अधिक एक घंटे का समय दिया गया है।

वहीं सबसे बड़े जूना अखाड़ों को शाही स्नान के लिए सिर्फ 40 मिनट का समय दिया गया है। जूना अखाड़े के हजारों नागा संन्यासियों को इस समय सीमा में डुबकी लगाकर लौटना पड़ेगा। इतने ही समय में संन्यासियों को घाट भी खाली करना पड़ेगा क्योंकि जूना के बाद बैरागी संतों को स्नान करना है। बैरागी संतों की संख्या भी एक लाख से ऊपर है। इतने कम समय में जूना अखाड़े के संन्यासियों का स्नान कराना प्रशासन के लिए चुनौती है। बता दें कि जूना अखाड़े के शाही स्नान को देखने के लिए श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा उत्सुकता है। जूना अखाड़े में किन्नर अखाड़े के शामिल होने से लोगों में उत्सुकता और बढ़ गया है।

Related Articles

Back to top button