राष्ट्रीय

सोनिया गांधी के स्वास्थ्य लाभ के लिए महाकाल में महामृत्युंजय जाप

उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना से महामृत्युंजय अनुष्ठान कराया जा रहा है। शनिवार सुबह महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भगवान महाकाल के अभिषेक पूजन के साथ 11 दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत हुई। बताया जाता है अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर प्रियंका गांधी शामिल होंगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना से पीड़ित हैं। दिल्ली में उनका उपचार किया जा रहा है। सोनिया गांधी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रियंका गांधी ने प्रदेश कांग्रेस तथा शहर के स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को महाकाल मंदिर में अभिषेक पूजन व महामृत्युंजय अनुष्ठान कराने का अनुरोध किया था।

इसकी शुरुआत शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने पूजन-अर्चन करते हुए की। अनुष्ठान 11 दिन तक चलेगा, जिसे रोजाना पांच पंडित करेंगे। 2 जून को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा है। उनके श्वसन तंत्र के निचले हिस्से में इंफेक्शन भी पाया गया। नाक से ब्लड आने के बाद 12 जून को उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

इसके बाद प्रियंका ने महाकाल मंदिर में मां के बेहतर स्वास्थ्य की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप करवाने को कहा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल समेत मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रवि शुक्ला, रघु परमार और अन्य नेताओं ने पूजन अर्चन कर अनुष्ठान की शुरुआत की। इसकी पूर्णाहुति में प्रियंका गांधी उज्जैन आ सकती हैं।

प्रियंका गांधी के कहने पर उज्जैन में पूजन
कांग्रेस नेता रवि शुक्ला ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया के कोरोना संक्रमित होने के बाद प्रियंका गांधी का मैसेज आया। इसमें उन्होंने महाकाल मंदिर में महामृत्युंजय जाप की इच्छा जताई थी। शनिवार से इसकी शुरुआत कर दी गई है। इससे पहले भी कई बार महाकालेश्वर मंदिर में वीवीआईपी लोगों के स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए महामृत्युंजय समेत अन्य पूजन पाठ किए जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button