
दुर्ग: बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल की ओर से चलाए गए इस विशेष अभियान में स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और छह ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 280 मामले सामने आए और रेलवे को कुल 2,09,295 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुष्कर विपुल विलासराव के निर्देशन में चलाया गया। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 159 यात्री पकड़े गए। इनसे 1,42,705 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 87 यात्रियों से 63,090 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
अतिरिक्त सामान ले जाने वालों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना बुक कराए निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने वाले यात्रियों की भी जांच की गई। ऐसे 34 यात्रियों से 3,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस तरह टिकट और सामान से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर कुल 280 मामले दर्ज किए गए।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद और नौ टिकट जांच कर्मचारियों की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना और बिना टिकट सफर पर रोक लगाना है।



