उत्तराखंड

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई, उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान और भावुक माहौल में श्रद्धांजलि दी गई। राजधानी देहरादून के वसंत विहार स्थित आवास पर उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के सार्वजनिक जीवन, सादगी और राज्य के विकास में उनके योगदान को याद किया।

उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासन में अनुशासन, ईमानदारी और सेवा की एक अलग पहचान बनाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन जनसेवा, राष्ट्रभक्ति और समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके निधन से उत्तराखंड ने एक अनुभवी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है।

श्रद्धांजलि स्थल पर बड़ी संख्या में लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम सम्मान देने पहुंचे। पूरे क्षेत्र में शोक और भावुकता का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button