बैंकॉक के पब में भीषण अग्निकांड, 27 लोगों की दर्दनाक मौत; आग के कारणों की जांच शुरू

बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहतकर्मियों के अनुसार, देर रात पब में आग लगने की सूचना मिली थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उत्तरी बैंकॉक स्थित पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। आग फैलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते नजर आए। हादसे के दौरान पूरे इलाके में काले धुएं का घना गुबार छा गया।
प्रधानमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीरकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और पत्रकारों से बातचीत में हादसे में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कई घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
30 मिनट की मशक्कत के बाद बुझी आग
अधिकारियों के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने लगभग 30 मिनट के प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में पब के भीतर जली हुई मेज-कुर्सियां और पूरी तरह क्षतिग्रस्त ढांचा दिखाई दे रहा है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है तथा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
थाईलैंड में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
थाईलैंड में इससे पहले भी पब और नाइटक्लब में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में नववर्ष समारोह के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हादसे की वजह कथित तौर पर इनडोर आतिशबाजी को माना गया था।



