उप्र पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान मेरठ डीएम ने किया केंद्रों का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
Meerut News: उप्र पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने किया विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं परीक्षा संचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उ0प्र0 पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 8 जून से 10 जून 2026 तक संचालित की जा रही हैं। आज जिलाधिकारी डा0 वीके सिंह द्वारा मेरठ जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्रों पर पहुंचकर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था जांची
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा हावर्ड प्लेस्टेड गर्ल्स इंटर कालेज, रघुनाथ गर्ल्स इंटर कालेज, राम सहाय इंटर कालेज सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण किया गया। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, कक्ष निरीक्षण व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता
जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य किया जाये। उन्होंने केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, प्रत्येक गतिविधि की निगरानी सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
कंट्रोल रूम में स्थापित मॉनिटरिंग व्यवस्था का अवलोकन किया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्थापित मॉनिटरिंग व्यवस्था का अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों की निगरानी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी देखा कि अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है तथा परीक्षा केन्द्रों पर अनुशासन एवं व्यवस्था बनी हुई है।
मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण
जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिये। इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।



