अन्तर्राष्ट्रीय

हांगकांग में मॉडल की बेरहमी से हत्या, सूप के बर्तनों में पड़े थे शव के टुकड़े

नई दिल्ली : हांगकांग में एक मॉडल की हत्या की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, मॉडल कई दिनों से लापता थी जिसके बाद उसके शव के टुकड़े एक फ्लैट के फ्रिज में मिले हैं। पुलिस ने शनिवार को कहा कि पीड़िता के पूर्व ससुराल वालों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक एलन चुंग के अनुसार, पुलिस चोई के पूर्व पति की तलाश कर रही है, लेकिन उसके माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर हत्या का मुकदमा चलेगा। अधिकारियों का मानना है कि 28 वर्षीय महिला का अपने पूर्व पति और उसके परिवार के साथ वित्तीय विवाद चल रहा था। बताया गया कि चोई जिस तरह से अपनी संपत्ति को संभाल रही थी, उससे कुछ लोग नाखुश थे।

रिपोर्ट के अनुसार, मॉडल एब्बी चोई का शव एक फ्रिज में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शुक्रवार दोपहर पीड़िता के पूर्व ससुराल वालों के एक फ्लैट में फ्रिज में एक महिला के दो पैर मिले। इसके अलावा अधिकारियों ने पीड़िता के पहचान पत्र, क्रेडिट कार्ड और घर में अन्य सामान को भी कब्जे में लिया है। पुलिस ने बताया कि हत्यारों ने घटना को बड़ी ही सावधानी से कारित किया है। घटना वाले फ्लैट में शवों के टुकड़े करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण मिले हैं। इनमें मीट ग्राइंडर, लंबे रेनकोट, दस्ताने और मास्क शामिल हैं।

चुंग ने कहा कि सूप के बर्तनों में शव के टुकड़े मिले हैं। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल पर पीड़ित का सिर, धड़ या हाथ नहीं मिला है। पुलिस अधीक्षक चुंग ने कहा कि फ्लैट को उनके पूर्व पति के पिता ने कुछ हफ्ते पहले ही किराए पर लिया था।

Related Articles

Back to top button