राष्ट्रीय

मोहसिन अहमद को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, ISIS से कनेक्शन, NIA ने किया था गिरफ्तार

नई दिल्ली : आतंकी संगठन आइएसआइएस(ISIS) से संबंध रखने के आरोप में मोहसिन(Mohsin) को पटियाला हाउस कोर्ट(Patiala House Court) में पेश किया गया। मोहसिन को NIA ने रविवार को बाटला हाउस इलाके से गिरफ्तार किया था। उसके बाद वो पुलिस की हिरासत में ही था। आज उसको कोर्ट में पेश किया गया। मोहसिन अहमद का पैतृक आवास बिहार की राजधानी पटना में है, उसका बाकी परिवार वहीं पर रहता है।

मोहसिन अहमद के परिवार में मां के अलावा उसकी तीन बहनें रहती हैं। वह उनका इकलौता भाई है। पिता मो. शकील अहमद झारखंड में रेलवे में नौकरी करते हैं। एनआइए की कार्रवाई के बाद घर और मोहल्ले में सन्नाटा है। हर कोई स्तब्ध है। इधर, रविवार को जैसे ही उसकी गिरफ्तारी की सूचना मिली, पिता झारखंड और मां पटना से फ्लाइट से दिल्ली पहुंच गए।

घर पर बहनों के अलावा कोई नहीं है। रविवार को मोहसिन के चाचा घर के पास कुछ लोगों से बातचीत करते मिले। उन्होंने बताया कि मोहसिन ने दीघा के एक नामी स्कूल से गणित संकाय में 12वीं कक्षा की पढ़ाई की है। अभी तीन माह पूर्व ही वह दिल्ली के इंजीनियरिंग कालेज से बीटेक करने गया था। आखिरी बार वह बकरीद पर घर आया था।

पड़ोसियों की मानें तो मोहसिन के बारे में कभी किसी ने कोई शिकायत नहीं की। वह कभी विदेश नहीं गया है। वह बेहद शांत स्वभाव का रहा है। वह आतंकी संगठन आइएस के संपर्क में था, इस पर लोगों को यकीन नहीं हो रहा है। मोहल्ले में अधिकांश लोग नौकरी-पेशा हैं। लोगों ने बताया कि मोहसिन के तीन चाचा हैं, जिनमें एक का देहांत हो चुका है।

अन्य दो में एक अध्यापक और दूसरे व्यवसायी हैं। मोहसिन से दो बहनें बड़ी और एक छोटी है। सभी स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। इन दिनों घर में बड़ी बहन की शादी की तैयारी चल रही है। मोहसिन ने खुद भी कई लोगों को निमंत्रण दे रखा था।

Related Articles

Back to top button