मध्य प्रदेशराज्य

MP: मंगला एक्सप्रेस में पैंट्री का खाना खाते ही 30 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, खंडवा में ट्रेन रोककर कराया इलाज

खंडवा: दिल्ली से केरल जा रही मंगला एक्सप्रेस में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन में सफर कर रहे करीब 30 स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और ट्रेन के खंडवा पहुंचने पर उसे करीब 50 मिनट तक स्टेशन पर रोककर सभी बच्चों की जांच और इलाज कराया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12618 मंगला एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जा रही थी। इसमें त्रिचूर के हैप्पी कॉन्वेंट स्कूल के 30 छात्र-छात्राएं सवार थे। सभी बच्चे दिल्ली में शैक्षणिक भ्रमण के बाद अपने घर लौट रहे थे।

चलती ट्रेन में अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 30 में से 5 बच्चों की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद रेलवे प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई और ट्रेन के खंडवा पहुंचने पर जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम स्टेशन पर पहुंच गई।

पैंट्री के खाने से बिगड़ी तबीयत की आशंका

खंडवा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि बच्चों ने दोपहर में ट्रेन की पैंट्री कार से भोजन किया था। खाना खाने के करीब चार घंटे बाद बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी शुरू हुई।

उन्होंने आशंका जताई कि भोजन की वजह से फूड पॉइजनिंग होने के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी होगी। सभी बच्चों को उल्टी-दस्त की दवाएं और ओआरएस के पैकेट दिए गए। दो बार स्वास्थ्य जांच करने के बाद सभी बच्चों को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।

एहतियात के तौर पर भुसावल तक साथ गए डॉक्टर

बच्चों की हालत को देखते हुए एहतियात के तौर पर रेलवे के डॉक्टरों की एक टीम भी उनके साथ ट्रेन में सवार हुई। यह टीम भुसावल स्टेशन तक बच्चों के साथ गई, ताकि रास्ते में किसी बच्चे की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर तुरंत इलाज किया जा सके।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम ऋषि सिंघाई, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, सीएसपी अभिनव बारंगे, सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल समेत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी खंडवा स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में सभी बच्चों की जांच कराई गई, जिसके बाद ट्रेन को अगले गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

करीब 50 मिनट खंडवा स्टेशन पर रुकी ट्रेन

बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। मंगला एक्सप्रेस के खंडवा स्टेशन पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने बच्चों की जांच शुरू की। करीब 50 मिनट तक ट्रेन को स्टेशन पर रोककर बच्चों का उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

जांच के बाद बच्चों की स्थिति सामान्य पाए जाने पर उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि, पैंट्री कार के भोजन से तबीयत बिगड़ने की आशंका के चलते मामले ने ट्रेन में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button