MP: उज्जैन में रोबोट ने किया दुकान का उद्घाटन, भगवा पटका पहनकर महाकाल के भक्ति गीत पर लगाए जबरदस्त डांस मूव्स

उज्जैन: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में एक दुकान का उद्घाटन इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस खास आयोजन में किसी नेता या बड़ी हस्ती को मुख्य अतिथि नहीं बनाया गया, बल्कि एक रोबोट को उद्घाटन के लिए बुलाया गया। रोबोट के स्वागत के लिए दुकान में लाल कालीन बिछाया गया। भारतीय परंपरा के मुताबिक उसके माथे पर तिलक लगाया गया और गले में भगवा पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे। उद्घाटन के बाद रोबोट ने शानदार डांस मूव्स दिखाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सैंडविच दुकान के उद्घाटन में रोबोट बना मुख्य अतिथि
खास बात यह है कि जिस दुकान का उद्घाटन रोबोट ने किया, वह इलेक्ट्रॉनिक सामान या कंप्यूटर की दुकान नहीं, बल्कि सैंडविच की दुकान है। दुकान के मालिक ने उद्घाटन को अलग और यादगार बनाने के लिए रोबोट को मुख्य अतिथि बनाने का फैसला किया। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद आयोजकों ने रोबोट के माथे पर तिलक लगाया और फूलों की माला पहनाई। इसके बाद रोबोट ने हाथ हिलाकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
सुरक्षा के लिए रोबोट के साथ पहुंचे गार्ड
जानकारी के मुताबिक, मानव जैसी बनावट वाले इस रोबोट के साथ सुरक्षा के लिए गार्ड भी मौजूद थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रोबोट की निगरानी की। दुकान का उद्घाटन करने के बाद रोबोट ने वहां मौजूद लोगों से हाथ मिलाया। लोगों के साथ उसने सेल्फी भी खिंचवाई, जिसे देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
महाकाल के भक्ति गीत पर रोबोट का डांस बना आकर्षण
कार्यक्रम का सबसे खास पल रोबोट का डांस रहा। उद्घाटन के बाद रोबोट ने वहां बज रहे महाकाल के भक्ति गीत पर डांस किया। उसने हिंदी फिल्मों के अभिनेता रितिक रोशन की तरह कई डांस मूव्स करके लोगों का मनोरंजन किया। इस दौरान स्थानीय लोग भी रोबोट के साथ झूमते नजर आए। डांस का वीडियो सामने आने के बाद यह आयोजन और चर्चा में आ गया।
रोबोट के डांस से सैंडविच दुकान भी हुई वायरल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रोबोट चीनी कंपनी यूनिट्री का बताया जा रहा है, जिसे भारत में बिद्युत इनोवेशंस कंपनी लेकर आई है। सैंडविच दुकान के मालिक के मुताबिक, उन्होंने दुकान के उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए रोबोट को मुख्य अतिथि बनाने का विचार किया था। उनका यह प्रयोग लोगों को पसंद आया और देखते ही देखते दुकान भी चर्चा में आ गई। रोबोट के डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



