टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

मैसूर: PM मोदी ने 15000 लोगों के साथ किया योगाभ्यास

नई दिल्ली. आज जहां भारत समेत दुनियाभर में 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International yoga day 2022) जोर शोर से मनाया जा रहा। वहीँ इस ख़ास मौके पर PM नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) कर्नाटक के मैसुरु पैलेस ग्राउंड में योग दिवस मनाने पहुंचे थे। वहां उन्होंने करीब 15 हजार लोगों के साथ योग किया। इसके साथ ही आज PM मोदी ने योग की शुरुआत ताड़ासन, त्रिकोणासन, भद्रासन जैसे आसनों से की। इस ख़ास मौके पर PM मोदी ने कहा कि, योग अब वैश्विक पर्व बन गया है। यह अब ‘पार्ट ऑफ लाइफ’ नहीं, बल्कि ‘वे ऑफ लाइफ’ भी बन गया है।

उन्होंने कहा, “पूरे ब्रह्मांड की शुरुआत हमारे अपने शरीर और आत्मा से होती है। ब्रह्मांड की शुरुआत हमसे ही होती है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि योग शरीर की हर चीज के प्रति जागरूक बनाता है और जागरूकता का एक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा, “योग हमारे लिए शांति लाता है। योग से शांति केवल लोगों को नहीं मिलती, योग हमारे समाज में भी शांति लाता है। योग हमारे राष्ट्रों और विश्व में शांति लाता है और योग हमारे ब्रह्मांड में शांति लाता है।”

PM मोदी ने कहा कि भारतीय सभ्यता व संस्कृति की अद्भुत धरोहर योग आज दुनियाभर के लोगों के लिए जीवन का हिस्सा ही नहीं है, बल्कि अब वह जीवन जीने की पद्धति बन रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि योग आज ना सिर्फ विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रहा है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक वैश्विक पर्व बन गया है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक योग घरों और आध्यात्मिक केंद्रों तक सीमित था, लेकिन अब यह विश्व के कोने-कोने तक पहुंच गया है।

उन्होंने ये भी कहा कि , “भारत के आध्यात्मिक केंद्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वह योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है। आज योग वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है। आज योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है।”

Related Articles

Back to top button