मेरठ में राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी की फास्टफूड विक्रेता ने ईंट से मारकर हत्या की
पिछले डेढ़ माह से लापता थी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का।
Meerut Crime News : मेरठ के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में रहने वाली राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की फास्टफूड विक्रेता ने ईंट से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी श्याम को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पिछले डेढ़ माह से लापता चल रही थी। आरोपी ने बताया कि राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पर रुपये उधार हो गए थे। नहीं देने पर फास्टफूड विक्रेता ने अनुष्का की ईंट मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने 15 अप्रैल की रात को वारदात को अंजाम देने के बाद अनुष्का का शव रोहटा रोड स्थित एक नाले में फेंक दिया था। हत्यारोपी देहरादून निवासी श्याम धानक है। जिसको पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर अनुष्का के शव के अवशेष बरामद किए हैं।
किराए के मकान में रहकर कर रही थी पढाई
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना दौराला क्षेत्र निवासी किसान नेमपाल की बेटी अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी। अनुष्का का 15 अप्रैल की रात से मोबाइल स्विच ऑफ था और वो लापता थी।
10 दिन बाद थाना में लिखित शिकायत दी
परिजनों ने 10 दिन बाद कंकरखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस द्वारा लिखित शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर परिजन एसएसपी और एडीजी ऑफिस पहुंचे थे। आलाधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस अलर्ट मोड में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अनुष्का पर 3600 रुपये थे उधार
पूछताछ में हत्यारोपी श्याम ने बताया कि वह रोहटा फ्लाईओवर के पास फास्टफूड चलाता था। अनुष्का फास्टफूड खाने के लिए उसके सेंटर में आती थी। उस पर 3600 रुपये उधार थे।
शोभापुर चौकी के पास की हत्या
फास्टफूड विक्रेता श्याम ने राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का (17) की हत्या शोभापुर पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर की। इसके बाद चौकी से 50 मीटर दूर स्थित नाले में शव फेंक दिया। इसके बावजूद पुलिस डेढ़ महीने तक खाक छानती रही।



