उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर पीक आवर्स में नमो भारत ट्रेन की 10 ट्रिप्स बढ़ाई

यह वृद्धि पिछले सप्ताह एनसीआरटीसी द्वारा बढ़ाई गईं 8 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स के अलावा है।

Neerut News : एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पीक आवर्स में सराय काले खां और मेरठ साउथ के बीच नमो भारत ट्रिप्स में फिर बढ़ोतरी की है और 10 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स जोड़ी हैं। यह वृद्धि पिछले सप्ताह एनसीआरटीसी द्वारा बढ़ाई गईं 8 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स के अलावा है। यह विस्तार दैनिक यात्रियों को अधिक सुविधा देने, प्रतीक्षा समय को कम करने और सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।
18 ट्रेन ट्रिप्स की बढ़ोत्तरी के साथ नई समय-सारिणी:
18 ट्रेन ट्रिप्स की बढ़ोत्तरी के साथ नई समय-सारिणी के अनुसार, 10 अतिरिक्त ट्रिप्स सुबह के पीक आवर्स में 7 बजे से 11:30 बजे तक उपलब्ध होंगी जबकि 8 अन्य ट्रिप्स शाम के पीक आवर्स में 5:00 बजे से 8:30 बजे के बीच परिचालित होंगी। इस बढ़ी हुई ट्रेन फ्रीक्वेंसी से यात्रियों के लिए अधिक ट्रेनें उपलब्ध होंगी, उनका प्रतीक्षा समय कम होगा, सीट की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रा अनुभव समग्र रूप से बेहतर होगा। इस अतिरिक्त सेवा का लाभ विशेष रूप से रोजाना कार्यालय जाने वालों, विद्यार्थियों और अन्य नियमित यात्रियों को मिलेगा।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्री संख्या में निरंतर वृद्धि
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्री संख्या में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है और लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। यात्रियों द्वारा नमो भारत को दी जा रही प्राथमिकता इस तीव्र, विश्वसनीय, सुरक्षित और आरामदायक क्षेत्रीय परिवहन के साधन पर उनके बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
पीएम मोदी का सार्वजनिक परिवहन पर अधिक फोकस
हाल ही में प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग करने की अपील की थी, यह पहल उसके अनुरूप है। दिल्ली, गाज़ियाबाद और मेरठ के कई क्षेत्रों में तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है और लू की स्थिति बनी हुई है, ऐसी परिस्थितियों में नमो भारत का महत्व और भी बढ़ गया है।
वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें दे रही झुलसाती गर्मी से राहत
जब दिन में पीक आवर्स के दौरान सड़क यात्रा अधिक चुनौतीपूर्ण होती जा रही है, तब पूर्णतः वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को झुलसाती गर्मी से राहत तथा अधिक आरामदायक गतिशीलता का विकल्प प्रदान कर रही हैं। ये न सिर्फ लोगों को सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत प्रदान करती हैं, बल्कि निजी वाहनों के बजाय अधिक कुशल और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित भी करती हैं।
नमो भारत सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके
यात्रियों की सुविधा आरंभ से ही एनसीआरटीसी की प्राथमिकता रही है और वह निरंतर प्रयासरत है कि यात्रा अनुभव को बेहतर तथा नमो भारत सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके। पीक आवर्स के दौरान ट्रेन ट्रिप्स में बढ़ोत्तरी एनसीआर में सतत सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और सशक्त कदम है।

Related Articles

Back to top button