स्पोर्ट्स

नेपाल के संदीप लामिछाने ने रचा इतिहास, मिचेल स्टार्क का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ ODI क्रिकेट में मचाया धमाल

काठमांडू: नेपाल क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर संदीप लामिछाने ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा इतिहास रच दिया है। संदीप ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे कम मैचों में 150 विकेट लेने का नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। उन्होंने यह उपलब्धि स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हासिल की।

संदीप लामिछाने ने इस मैच में 3 विकेट झटके और इसी के साथ वनडे क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे किए। खास बात यह रही कि उन्होंने यह मुकाम सिर्फ 73 मैचों में हासिल किया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड मिचेल स्टार्क के नाम था, जिन्होंने 77 मुकाबलों में 150 विकेट पूरे किए थे।

73 मैच में 150 विकेट, बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अब संदीप लामिछाने शीर्ष पर पहुंच गए हैं। स्टार्क का रिकॉर्ड साल 2019 से कायम था, लेकिन नेपाली स्पिनर ने उसे पीछे छोड़ दिया।

इस सूची में पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सकलेन मुश्ताक तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 78 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं अफगानिस्तान के राशिद खान और भारत के मोहम्मद शमी ने 80-80 मैचों में 150 विकेट पूरे किए थे।

सबसे कम मैचों में 150 ODI विकेट लेने वाले गेंदबाज

73 मैच — संदीप लामिछाने
77 मैच — मिचेल स्टार्क
78 मैच — सकलेन मुश्ताक
80 मैच — राशिद खान
80 मैच — मोहम्मद शमी

स्कॉटलैंड के खिलाफ किया कमाल

18 मई को कीर्तिपुर में खेले गए मुकाबले में नेपाल ने स्कॉटलैंड को 194 रन पर समेट दिया। इस मैच में ललित राजबंशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं संदीप लामिछाने ने 10 ओवर में 47 रन देकर 3 अहम विकेट अपने नाम किए।

संदीप ने स्कॉटलैंड के खतरनाक बल्लेबाज जॉर्ज मुनसे, ब्रैंडन मैकमुलेन और मैथ्यू क्रॉस को आउट कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

रिकॉर्ड पर उठी तुलना की बहस

हालांकि क्रिकेट जगत में इस रिकॉर्ड को लेकर तुलना की चर्चा भी तेज हो गई है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि मिचेल स्टार्क ने अपने ज्यादातर विकेट भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ हासिल किए थे, जबकि संदीप लामिछाने ने अपेक्षाकृत छोटी टीमों के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया है। इसके बावजूद आंकड़ों के लिहाज से अब वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड नेपाली स्टार के नाम दर्ज हो गया है।

Related Articles

Back to top button