उत्तराखंड

देहरादून के 11 ब्लैक स्पॉट पर अब Google Map देगा खतरे का अलर्ट, हादसे से पहले ड्राइवर को मिलेगा संकेत

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सड़क हादसों को कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया है। जिले के 11 ब्लैक स्पॉट की जानकारी गूगल को भेजी गई है। गूगल मैप पर यह डेटा अपडेट होने के बाद इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र का अलर्ट मिलेगा। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों को समय रहते सावधान करने में इससे मदद मिलने की उम्मीद है।

ट्रैफिक पुलिस ने सभी 11 ब्लैक स्पॉट की सटीक लोकेशन, नाम और अन्य जरूरी जानकारी गूगल को उपलब्ध करा दी है। डेटा अपडेट होने के बाद इन स्थानों से गुजरते समय नेविगेशन के दौरान वाहन चालकों को आगे ब्लैक स्पॉट होने की सूचना मिलेगी। पुलिस को उम्मीद है कि अलर्ट मिलने के बाद चालक गति कम करेंगे और अधिक सावधानी से वाहन चलाएंगे।

47 से घटकर 11 रह गए ब्लैक स्पॉट

करीब तीन साल पहले देहरादून जिले में 47 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए थे। इन स्थानों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ सड़क की स्थिति, संकेतक, रोशनी और दूसरे सुरक्षा इंतजामों पर काम किया गया। लगातार निगरानी और सुधार के बाद ब्लैक स्पॉट की संख्या घटकर अब 11 रह गई है।

हालांकि, इन 11 स्थानों पर सड़क हादसों को रोकना अभी भी चुनौती बना हुआ है। इसके अलावा मोहब्बेवाला समेत कुछ नए हॉटस्पॉट भी सामने आए हैं, जहां लगातार हादसे हो रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस इन स्थानों पर भी निगरानी कर रही है।

तकनीक से पहले ही मिलेगा खतरे का संकेत

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी के मुताबिक, सड़क सुरक्षा के लिए केवल पुलिस की निगरानी पर्याप्त नहीं है। वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित स्थानों के बारे में पहले से जानकारी देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से ब्लैक स्पॉट की जानकारी गूगल मैप पर उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

Related Articles

Back to top button