National News - राष्ट्रीय

मोदी सरकार की नौवीं वर्षगांठ पर केंद्रीय मंत्रियों ने कहा, जनता की आकांक्षाओं पर खरी उतरी सरकार

नई दिल्ली : केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के नौ साल पूरा होने पर केंद्रीय मंत्रियों व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि जनता की आकांक्षाओं की कसौटी पर यह सरकार पूरी तरह खरी उतरी है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद मोदी ने 30 मई 2019 को लगातार दूसरी बार बतौर प्रधानमंत्री, देश की कमान संभाली थी। लोकसभा की 543 सीटों में भाजपा ने 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ”सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार के नौ सफल वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को बधाई। इन नौ वर्षों में जहां भारत की प्रतिष्ठा पूरे विश्व में बढ़ी है वहीं आर्थिक दृष्टि से भी देश आज नई बुलंदी पर है।” उन्होंने कहा कि आज हर भारतवासी स्वयं को देश के भीतर और बाहर, सुरक्षित महसूस कर रहा है क्योंकि आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के मोर्चों पर भारत पूरी तरह मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन और निर्यात आज रिकॉर्ड स्तर पर है और सेनाओं के आधुनिकीकरण का काम भी तेजी से हो रहा है।

उन्होंने कहा, ”विकास के साथ-साथ देश की विरासत को भी संजोया और संवारा गया है। जनता की आकांक्षाओं की कसौटी पर मोदी सरकार पूरी तरह खरी उतरी है। इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व और उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को जाता है। उनका अभिनंदन है और देश की जनता के प्रति मैं आभार व्यक्त करता हूं।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष सुरक्षा, राष्ट्रीय गौरव, विकास व गरीब कल्याण के अभूतपूर्व संयोजन के नौ वर्ष रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज एक ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और विश्व में गौरव के नए आयाम स्थापित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार ने विकास व गरीब कल्याण के नए मापदंड स्थापित किये हैं।

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब से गरीब व्यक्ति को घर, बिजली, गैस व स्वास्थ्य बीमा जैसी कई बुनियादी सुविधाएं देकर उनके जीवनस्तर को ऊपर उठाया है। यह वर्ग पहली बार अपने आप को देश की विकास यात्रा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है। देश ने पहली बार ग्रामीण व शहरी भारत का समानांतर विकास देखा है।” कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि जहां कई विकसित राष्ट्र अभी तक इसके दुष्प्रभावों से नहीं उबर पाए हैं वहीं नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व के लिए आदर्श बनी है। उन्होंने कहा, ”आधुनिकता व सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर प्रधानमंत्री मोदी आत्मनिर्भर भारत की ओर संकल्पित भाव से कार्यरत हैं।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि पिछले नौ वर्ष ‘सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण’ के रहे हैं और इस दौरान भारत के भाग्य व भविष्य को नई दिशा दी गई। नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ”मोदी सरकार के नौ साल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक सुदृढ़ीकरण आदि क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी नीतियों में अंत्योदय व सेवा के संकल्प को सर्वोपरि रखा है।” उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित हो रही है और स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक स्वावलंबन, सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी जरुरतों की पहुंच सुदूर क्षेत्रों तक हुई है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित हमारी सरकार ने अनेक युगांतरकारी निर्णयों से भारत के भाग्य व भविष्य को नई दिशा दी है। आज देश विकसित भारत के संकल्प के साथ पूर्ण आत्मविश्वास व उत्साह से उत्कर्ष के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी के ‘पंच प्रण’ का संकल्प हमें मार्ग दिखाता है।” उन्होंने कहा कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी से दुनिया के अनेक विकसित देश आज भी उबर नहीं पाये हैं लेकिन भारत तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल में भाजपा की विचारधारा से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जिनमें जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त करना और उच्चतम न्यायालय के एक आदेश के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य आरंभ करना शामिल है।

Related Articles

Back to top button