
पूर्व भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पी.सी. जोशी का निधन, मंगलवार को प्रयागराज में होगा अंतिम संस्कार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की वरिष्ठ नेता और प्रयागराज से पूर्व भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पी.सी. जोशी का सोमवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में सुबह करीब सात बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी खुद रीता बहुगुणा जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए साझा की।
परिवार के मुताबिक पी.सी. जोशी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और एसजीपीजीआई में उनका इलाज जारी था। सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
मैकेनिकल इंजीनियर थे पी.सी. जोशी
पी.सी. जोशी पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर थे और टेक्निकल तथा लॉजिस्टिक्स सेक्टर में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता था। उन्हें उनके सरल स्वभाव, अनुशासित जीवनशैली और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाना जाता था।
रीता बहुगुणा जोशी और पी.सी. जोशी का विवाह वर्ष 1976 में हुआ था। लंबे समय तक दोनों सार्वजनिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय रहे।
प्रयागराज में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि पी.सी. जोशी का पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम प्रयागराज लाया जाएगा। मंगलवार को पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
नेताओं और सामाजिक संगठनों ने जताया शोक
पी.सी. जोशी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कई नेताओं ने शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।



