गाजियाबाद में तबेले में बन रहा था अचार, छापेमारी में 30 क्विंटल दूषित अचार विनष्ट
20 ड्रम में मिला एक हजार किलो आम का अचार, 10 ड्रम में 300 किलो सड़ा नींबू।
Ghaziabad News: जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा निरंतर प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा खोड़ा नगरपालिका क्षेत्र में स्थित भैंस के तबेल में दो अचार विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
दुर्गंध आने के कारण विनिष्ट कराया
निरीक्षण के दौरान दोनों इकाइयों में बड़ी मात्रा में अचार अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित पाया गया तथा उसमें दुर्गंध आने के कारण उसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए विनष्ट कराने की कार्रवाई की गई। कुल 30 क्विंटल (तीन हजार किलोग्राम) विभिन्न प्रकार के अचार नष्ट कराए गए तथा छह नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
20 ड्रमों में भरे हुए थे एक हजार किलोग्राम आम का अचार
प्रथम इकाई, शनि बाजार, खोड़ा स्थित पवन सिंह पुत्र अशोक सिंह के प्रतिष्ठान पर निरीक्षण के दौरान 20 ड्रमों में भंडारित लगभग एक हजार किलोग्राम आम एवं नींबू का अचार अत्यंत सड़ी-गली एवं अस्वच्छ अवस्था में पाया गया। जिसे तत्काल विनष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त 180 किलोग्राम मिक्स अचार तथा 8800 किलोग्राम नमक को जब्त किया गया। प्रतिष्ठान से मिक्स अचार, मसाले युक्त आम अचार तथा नमक के कुल तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।
10 ड्रम नींबू का अचार और 400 किलो दुर्गंधयुक्त आचार
द्वितीय इकाई, मास्टर पार्क, खोड़ा स्थित राहुल अचार वाले (स्वामी – जसवीर सिंह) के प्रतिष्ठान पर निरीक्षण के दौरान 10 ड्रमों में भंडारित 2000 किलोग्राम नींबू का अचार तथा 400 किलोग्राम मिक्स अचार दुर्गंधयुक्त एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया। उक्त सामग्री को जब्त कर विनष्ट कराया गया। यहां से नींबू अचार, मिक्स अचार एवं सिरका के तीन नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री के निर्माण एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



