दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

दिल्‍ली मर्डर केस में आयी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शरीर पर चाकू के मिले हैं 16 घाव, खोपड़ी भी मिली टूटी

बुलंदशहर : देश की राजधानी दिल्‍ली में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। रविवार रात सरेराह एक दरिंदे ने चाकू से ताबड़तोड़ करीब 20 बार गोदकर किशोरी की हत्या (killing) कर दी और लोग तमाशबीन बने रहे। साक्षी (16) के सिर पर साहिल (20) ने पत्थर से भी छह बार वार किए। फिर उसे लात मारकर निकल गया। पुलिस ने उसे सोमवार को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साक्षी के शरीर पर चाकू के 16 घाव मिले हैं और खोपड़ी भी टूटी पाई गई है।

वारदात उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में हुई है। साक्षी का परिवार इसी इलाके के जेजे कॉलोनी में रहता है। साक्षी ने इस साल 10वीं की परीक्षा पास की थी। पिछले कुछ महीने से वह कॉलोनी में ही अपनी सहेली के साथ रह रही थी। रविवार रात वह अपनी सहेली के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी। उसी दौरान गली में साहिल ने उसे रोक लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

दरिंदगी से भरी इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। घनी आबादी वाले मोहल्ले की व्यस्त गली में किशोरी पर साहिल ताबड़तोड़ हमला करते नजर आ रहा है। लोग आसपास से निकल रहे हैं, लेकिन कोई लड़की को बचाने की कोशिश तक नहीं कर रहा। साहिल के जाने के बाद गंभीर रूप से घायल साक्षी को लोगों ने पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली पुलिस की पीआरओ सुमन नलवा ने बताया कि साहिल और साक्षी दोनों रिश्ते में थे। शनिवार को किसी बात को लेकर उनमें झगड़ा हुआ और इसी पर रविवार को आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि, साक्षी के परिवार वालों ने रिश्ते की बात को गलत बताया है।

साहिल दिल्ली के प्रह्ललादपुर के जैन कॉलोनी बरवाला में अपने पिता सरफराज, मां और तीन बहनों के साथ किराए के मकान में रहता था। उसके मकान मालिक ने बताया कि उसका पिता मजदूरी करता है, जबकि साहिल फ्रिज और एसी की मरम्मत का काम करता था। मकान मालिक ने बताया कि साहिल को कभी भी इलाके में किसी से लड़ते हुए नहीं देखा था।

Related Articles

Back to top button