टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

ओडिशा के दौरे पर भुवनेश्वर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत

भुवनेश्वर : ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को भुवनेश्वर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया । यहां वह लिंगराज मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी, वहीं रामा देवी महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और अन्य कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगी ।

राष्ट्रपति मुर्मू सुबह करीब 11.35 बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विशेष भारतीय वायुसेना के विमान से पहुंची। ओडिशा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास और सांसद अपराजिता सारंगी ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

यहां पहुंचने के तुरंत बाद मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञानप्रभा मिशन के स्थापना दिवस में शामिल होने के लिए उत्कल मंडप के लिए रवाना हो गयी। वह रमा देवी महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। मुर्मू ने 1979 में रमा देवी महिला कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

मुर्मू का शनिवार को लिंगराज मंदिर जाने और फिर आईसीएआर में सेकंड इंडियन राइस कांग्रेस का उद्घाटन करने के लिए कटक जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह भुवनेश्वर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति के दौरे के लिए राज्य सरकार द्वारा कटक और भुवनेश्वर में विस्तृत व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के दौरे के लिए करीब 40 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है।

भारत के सर्वोच्च पद का कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रपति की यह दूसरी ओडिशा यात्रा है। उन्होंने 10 और 11 नवंबर, 2022 को ओडिशा की अपनी पहली यात्रा की थी। उन्होंने भगवान जगन्नाथ मंदिर पुरी का दौरा किया था और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के लिए ओडिया पाठ्यपुस्तक के नागरिक स्वागत और लॉन्च में भाग लिया था।

Related Articles

Back to top button