अन्तर्राष्ट्रीयटॉप न्यूज़

महारानी एलिजाबेथ भी कोरोना संक्रमित, PM मोदी ने भी की जल्द स्वस्थ होने की कामना

नई दिल्ली. एक अन्य बड़ी खबर के अनुसार ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth) भी अब कोरोना संक्रमण (Corona Pandemic) का शिकार हो गईं हैं। जी हाँ, हाल ही में बकिंघम पैलेस ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि 95 वर्षीय ब्रिटेन की क्वीन में हल्के सर्दी जैसे लक्षण थे। जब इसकी जांच करवायी गई तो उनका कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आया है।

इधर इस बात की जानकारी के मिलने के साथ ही PM मोदी ने बीते रविवार अपने एक ट्वीट के माध्यम से माहारानी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। PM मोदी ने लिखा, “मैं महारानी एलिजाबेथ के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।”

इसके साथ ही पैलेस से मिली जानकारी और कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार महारानी का फिलहाल इलाज चल रहा है और वह अगले कुछ दिनों तक विंडसर कैसल में ही रहेंगी। इस दौरान महारानी एलिजाबेथ सिर्फ सामान्य कामकाज ही करेंगी। यह भी बताया गया कि महारानी कोविड के उचित दिशानिर्देश और जरुरी प्रोटोकॉल्स का पालन करेंगी। वर्तमान दिशानिर्देश के अनुसार उन्हें अभी 10 दिनों के लिए आईसोलेशन में रहना होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महारानी एलिजाबेथ द्वितीय हाल ही में अपने बेटे प्रिंस चार्ल्स से भी मिली थी और प्रिंस चार्ल्स भी कोरोना पॉजिटिव थे। प्रिंस चार्ल्स की रिपोर्ट आने के साथ ही महारानी को अब डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। वहीं फिलहाल महारानी की स्थिति अब ठिक और सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के लिए बता दें क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय दुनिया की सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी है। गौरतलब है कि 95 साल की होने के चलते उनका खराब स्वास्थ्य पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। पता हो कि क्वीन ने साल 1952 में ग्रेट ब्रिटेन की राजगद्दी संभाली थी। उन्होंने साल 2002 में ब्रिटिश के राज सिंहासन पर अपने 50 साल पूरे करने का भी एक जश्न मनाया था।

Related Articles

Back to top button