टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

मुंबई में आफत बनी बारिश, बिहार में डूबने से 10 और वज्रपात से नौ की मौत, हिमाचल में येलो अलर्ट जारी

नई दिल्‍ली: उत्‍तर भारत में मानसून की बारिश ने जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त कर दिया है। मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। वहीं, बिहार में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और पानी गांवों तक पहुंच गया है।

पानी में डूबने से अब तक बिहार में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इधर दिल्‍ली-एनसीआर में भी लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हिमाचल में कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले एक हफ्ते तक उत्‍तर भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा।

मुंबई में आफत बनी बारिश

मुंबई में मूसलधार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर इतना पानी जमा हो गया कि लोगों के वाहन बंद हो गए। ऐसे हालात में लोगों को पानी में उतरकर वाहन के साथ बाहर निकलना पड़ा। सुबह 8.30 बजे वर्षा शुरू हुई और शाम 6.30 बजे तक कभी हल्की तो कभी झमाझम बरसती रही। निचले इलाके में अधिक पानी भर जाने से लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर के कई हिस्‍सों में रिकॉर्ड 227.8 मिमी तक बारिश हुई। साथ ही बताया कि मुंबई में जो तेज बारिश हो रही है, वह अपतटीय ट्रफ और लगातार तेज पछुआ हवाओं के कारण हो रही है। राहत की बात यह है कि सप्ताहांत तक बारिश के कम होने की संभावना है।

दिल्‍ली में कई जगह जलजमाव

दिल्ली में मानसून पहुंच चुका है। यहां लगातार दूसरे दिन, यानी शुक्रवार को भी मानसून की वर्षा जारी रही। इससे मौसम सुहावना और ठंडा रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी एक सप्ताह तक वर्षा का दौर जारी रहेगा और इससे गर्मी से राहत भी बरकरार रहेगी।

बिहार में डूबने से 10 और वज्रपात से नौ की मौत

बिहार में भी मानसून जोर पकड़ चुका है। इस कारण बाढ़ की नौबत बन आई है। कई गांवों में नदियों का पानी फैल जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को डूबने से दस लोगों की जान चली गई। वज्रपात के कारण नौ लोगों की मौत हुई है। पूर्वी चंपारण जिला में पताही थाना क्षेत्र के बखरी गांव में ढिढोरवा नदी में घोंघा चुनने के दौरान दो नाबालिग लड़कियां डूब गईं। एक की मौत हो गई। दूसरे को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाल लिया। भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा नदी में चार लोग डूब गए। कटिहार, किशनगंज, अररिया व मधेपुरा में भी डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। पश्चिम चंपारण जिला के बैरिया व श्रीनगर थाना क्षेत्र में वज्रपात से अधेड़ व वृद्ध की मौत हो गई। एक युवक व दो युवतियां झुलस कर घायल हो गईं। नालंदा में चार लोगों के ऊपर काल बनकर वज्रपात हुआ। मधुबनी और बांका जिला में भी एक-एक की मौत हुई है। जहानाबाद जिला में रोपनी करती महिला पर वज्रपात हुआ और उसके प्राण निकल गए।

लुधियाना में 77 एमएम हुई बारिश, आज भी पंजाब में छाए रहेंगे बादल

मानसून के सक्रिय होने के साथ शुक्रवार को लुधियाना और बठिंडा में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में लुधियाना में 77 एमएम और बठिंडा में 59.6 एमएम बारिश हुई। पटियाला में 29 एमएम और अमृतसर में 13 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पंजाब के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे गर्म रहने वाला शहर बठिंडा का पारा पूरी तरह से लुढ़क गया। शुक्रवार को दिन का तापमान 29.6 डिग्री (सामान्य से 9 डिग्री कम) दर्ज किया गया। अमृतसर में 30.4 (सामान्य से 6 डिग्री कम), लुधियाना में 32.4 डिग्री (सामान्य से 3 डिग्री कम) और पटियाला में 33.3 डिग्री (सामान्य से 2 डिग्री कम) तापमान रहा।

Related Articles

Back to top button